96-लोगों में नबियों
के सब से अधिक निकट वो लोग होते हैं जो उन की शिक्षाओं का सब से अधिक ज्ञान रखते हों।
यह कह कर आप (अ.स.) ने क़ुरान शरीफ़ की एक आयत पढ़ी, "इब्राहीम के अधिक निकट वो लोग हैं जो उन का अनुसरण करें और उन
पर ईमान लाएँ और अब यह विशेषता इस नबी और इस पर ईमान लाने वालों की है।" फिर आप
(अ.स.) ने फ़रमाया कि पैग़म्बर (सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम) का दोस्त वही है
जो उन (सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम) के आदेश का पालन करे चाहे रिश्ते की दृष्टि
से वो उन से दूर ही क्यूँ न हो। और आप (सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम) का शत्रु
वो है जो आप के आदेश का उल्लंधन करे चाहे रिश्ते के लिहाज़ से वो आप (सल्लल्लाहो अलैहे
व आलेही व सल्लम) के कितना ही निकट क्यूँ न हो।
97-एक ख़ारजी के बारे
में आप (अ.स.) ने सुना कि वह नमाज़े शब पढ़ता है और क़ुरान की तिलावत करता है तो आप
ने फ़रमाया कि विश्वास की हालत में सोना शक की हालत में नमाज़ पढ़ने से अच्छा है।
98-जब कोई हदीस सुनो
तो उस को अक़्ल की कसौटी पर परखो, केवल शब्द नक़्ल करने
पर बस न करो क्यूँकि ज्ञान को नक़ल करने वाले तो बहुत हैं किन्तु उस पर सोच विचार करने
वाले बहुत कम।
99-आप (अ.स.) ने एक व्यक्ति
को ‘इन्नालिल्लाहे व इन्नाइलैहे
राजेऊन’ (हम अल्लाह के हैं
और हमें अल्लाह की तरफ़ पलटना है) कहते हुए सुना। तो आप ने फ़रमायाः हमारा यह कहना
कि हम अल्लाह के हैं, उस की सम्पत्ति होने
का इक़रार है और यह कहना कि हमें उसी की तरफ़ पलटना है अपनी फ़ना (विनाश) का इक़रार
है।
100-कुछ लोगों ने हज़रत
अली (अ.स.) की उन के सामने प्रशंसा की तो आपने फ़रमाया, “ऐ अल्लाह तू मुझे मुझ से बेहतर जानता है और मैं ख़ुद को इन लोगों
से बेहतर पहचानता हूँ। ऐ अल्लाह मुझे उस से बेहतर क़रार दे जो इन लोगों का ख़्याल है
और मेरी उन बातों को बख़्श दे जिन का इन को ज्ञान नहीं है।”
101-दूसरों की मदद तीन
बातों के बिना पायदार नहीं होतीः उसे छोटा समझा जाए ताकि वो बड़ी क़रार पाए,
उस को छुपाया जाए ताकि वो लोगों को मालूम हो जाए
और उस में जल्दी की जाए ताकि वो अच्छी लगे।
102-एक ज़माना ऐसा भी
आए गा कि जब लोगों की बुराइयाँ चुनने वालों के अलावा किसी का महत्व न होगा,
व्याभिचारी के अलावा कोई सभ्य नहीं समझा जाएगा,
न्यायप्रिय व्यक्ति के अलावा किसी को कमज़ोर नहीं
समझा जाएगा, अल्लाह की इबादत लोगों
पर अपनी बड़ाई जताने के लिए होगी। ऐसे ज़माने में हुकूमत का कारोबार स्त्रियों से परामर्श,
नवयुवकों की कोशिशों और ख़्वाजा सराओं की तिकड़मों
के आधार पर चलेगा।
103-लोगों ने आप (अ.स.)
के बदन पर पुराने और पेवन्द लगे कपड़े देखे। आप (अ.स.) से जब इस का कारण पूछा गया तो
आप (अ.स.) ने फ़रमायाः इस से ह्रदय सुशील व मन नियंत्रित हो जाता है और मोमिन लोग उस
का अनुसरण भी कर सकते हैं। याद रखो कि लोक व परलोक एक दूसरे के सख़्त दुश्मन हैं और
एक दूसरे के विपरीत रास्ते हैं। जो दुनिया से मुहब्बत करेगा और उस से दिल लगाए गा वह
परलोक को पसंद नहीं करेगा और उस से दुश्मनी रखेगा। लोक व परलोक पूरब और पश्चिम की तरह
हैं और जो भी इन दोनों के बीच चलता है जब एक के निकट होता है तो दूसरे से दूर हो जाता
है। इन दोनों के बीच वही रिश्ता है जो दो सौतनों के बीच होता है।
104-नौफ़ बिन फ़ज़ाला
बकाली कहते हैं कि एक रात मैंने अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली इब्ने अबी तालिब (अ.स.) को
देखा कि वो अपने बिस्तर से उठे और सितारों पर नज़र की और फ़रमायाः “ऐ नौफ़, सो रहे हो या जाग रहे हो?”। मैं ने कहा कि, “ या अमीरुल मोमिनीन जाग रहा हूँ”। फरमाया, वो लोग भाग्यशाली हैं जिन्होंने इस दुनिया से दिल न लगाया और
हमेशा परलोक की ओर नज़र रखी। इन लोगों ने ज़मीन को अपना फ़र्श और मिट्टी को अपना बिस्तर
बनाया और पानी को शरबत समझा। जिन्होंने क़ुरान को सीने से लगाए रखा, दुआ को अपनी ढाल बनाया और इस दुनिया से हज़रत मसीह
(अ.स.) की तरह दामन झाड़ कर अलग हो गए।
ऐ नौफ़, दाऊद (अ.स.) रात के ऐसे ही समय में इबादत किया करते
थे और फ़रमाते थे कि यह वह घड़ी है कि जिस में बन्दा जो भी दुआ माँगेगा वह क़ुबूल होगी
सिवाए उस व्यक्ति के कि जो सरकारी टैक्स वसूल करने वाला हो, ख़ुफ़िया जानकारी इकटठा करने वाला हो, पुलिस में काम करता हो या ढोल ताशे बजाने वाला हो।
105-अल्लाह ने तुम्हारे लिए कुछ कर्तव्य निर्धारित किए हैं
उनकी अनदेखी न करो। तुम्हारे लिए कुछ सीमाएँ तय कर दी हैं उन का उल्लंघन मत करो। तुम
को जो काम करने से मना किया गया है वह मत करो और जो चीज़ें तुम्हें नहीं बताई गई हैं
वह भूले से नहीं छोड़ दी हैं अतः उन को जानने की कोशिश न करो।
No comments:
Post a Comment