Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 316 - 325

316-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः मैं ईमान वालों का इमाम हूँ और धन दुष्ट लोगों का मार्ग दर्शक है।

317-एक यहूदी ने आप (अ.स.) से कहा कि अभी तुम लोगों ने अपने नबी (स.) को दफ़न भी नहीं किया था कि आपस में मतभेद शुरु कर दिया। इस पर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः हम ने उन (स.) के बारे में मतभेद नहीं किया बल्कि उन (स.) के उत्तराधिकार के बारे में मतभेद हुआ। मगर तुम तो वो हो कि अभी दरयाए नील से निकल कर तुम्हारे पैर सूखे भी नहीं थे कि अपने नबी (स.) से कहने लगे कि हमारे लिए एक ऐसा ख़ुदा बना दीजिए जैसा उन का है जिस पर हज़रत मूसा (अ.स.) ने फ़रमाया, बेशक तुम एक जाहिल क़ौम हो।

318-आप (अ.स.) से पूछा गया कि आप किस वजह से अपने शत्रुओं के मुक़ाबले में सफ़ल होते रहे हैं तो आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि मैं जिस व्यक्ति का भी मुक़ाबला करता था वो अपने विरुद्ध मेरी सहायता करता था।

सैय्यद रज़ी फ़रमाते हैं कि इस का मतलब यह है कि आप (अ.स.) की धाक दिलों पर छा जाती थी।

319-आप (अ.स.) ने अपने पुत्र हज़रत मौहम्मद बिन हनफ़िया से फ़रमायाः ऐ मेरे बेटे, मैं तुम्हारे लिए निर्धनता से डरता हूँ। अतः निर्धनता के बारे में अल्लाह की सहायता मांगो क्यूँकि निर्धनता धर्म में त्रुटि पैदा कर देती है और बुद्धि को भ्रष्ट कर देती है और शत्रु पैदा कर देती है।

320-किसी ने आप (अ.स.) से कुछ सवाल किया तो फ़रमायाः

समझने के लिए पूछो, उलझने के लिए मत पूछो। क्यूँकि वो अज्ञानी जो जानना चाहता है ज्ञानी के समान है, और वो ज्ञानी जो उलझना चाहता है अज्ञानी के समान है।


321-अब्दुल्ला इबने अब्बास ने किसी विषय में आप (अ.स.) को राय दी तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः तुम्हारा काम है कि मुझ को राय दो और अगर तुम्हारी राय न मानूँ तब भी मेरी आज्ञा का पालन करो।

322-आप (अ.स.) सिफ़्फ़ीन के युद्ध से पलटते हुए कूफ़े पहुँचे तो शबाम क़बीले की आबादी से होकर गुज़रे तो आपने सिफ़्फ़ीन के युद्ध में मारे जाने वालों पर रोने वाली महिलाओं की आवाज़ें सुनीं। इतने में हर्ब इबने शरजीले शबामी जो इस क़बीले के सरदार थे आप (अ.स.) के पास आए तो आप (अ.स.) ने उन से फ़रमायाः जैसा कि मैं सुन रहा हूँ तुम्हारी औरतें तुम पर हावी आ गई हैं, तुम इन को रोने से मना क्यूँ नहीं करते।
 हर्ब आप (अ.स.) के साथ पैदल चलने लगे जब कि आप (अ.स.) घोड़े पर सवार थे। आप (अ.स.) ने फ़रमायाःपलट जाओ तुम जैसे इंसान का मेरे साथ पैदल चलना हाकिम में बुराई पैदा करता है और मोमिन के अपमान का कारण बनता है।

323-नहरवान के युद्ध के दिन ख़ारजियों की लाशों की ओर से गुज़रते हुए फ़रमायाः
 तुम्हारा बुरा हो, जिस ने तुम को धोका दिया उस ने तुम को हानि पहुँचाई।
 आप (अ.स.) से पूछा गया कि या अमीरुल मोमिनीन (अ.स.) किस ने उन को उकसाया था। तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
 पथभ्रष्ट करने वाले शैतान और बुराई के लिए उकसाने वाले मन ने उन को आशाओं के धोके में डाला और पापों का मार्ग उन के लिए खोल दिया, उस ने उन से विजय व सफ़लता के वादे किए और इस तरह उन को नरक में झोंक दिया।

324-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि एकान्त में अल्लाह की अवज्ञा करने से डरो क्यूँकि जो गवाह है वही मुसिंफ़ (न्यायधीश) है।

325-जब आप (अ.स.) को मौहम्मद बिन अबू बकर के शहीद होने की ख़बर मिली तो फ़रमायाः
हमें उन के मरने का उतना ही दुख है जितनी उन के दुश्मनों को इस की ख़ुशी है। बेशक उन का एक शत्रु कम हुआ और हम ने एक दोस्त खो दिया।

No comments:

Post a Comment