Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 416 - 420

416-अपने सुपुत्र हज़रत हसन (अ.स.) से फ़रमायाः ऐ मेरे पुत्र दुनिया की कोई चीज़ अपने पीछे मत छोड़ो, इस लिए कि तुम दो में से किसी एक के लिए छोड़ोगे। या तो वो जो उस माल को अल्लाह की आज्ञा के पालन में उपयोग करे गा तो तुम जिस माल के बारे में बदक़िसमत रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत बन जाएगा। या वो इंसान जो तुम्हारे माल का दुर्पयोग अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए करेगा और इस तरह जो तुम ने उसे उपलब्ध कराया उस से वो बदक़िसमत हो गया और तुम ने उस की ग़लत हरकतों में उस की सहायता की और इन दोनों में से एक व्यक्ति भी इस बात को अधिकारी नहीं है कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता दो।

यही बात एक और तरह भी रिवायत की गई है।

जो माल तुम्हारे हाथ में है तुम से पहले उस के मालिक दूसरे लोग थे और वो माल तुम्हारे बाद दूसरे लोगों के हाथ में चला जाएगा। और तुम ऐसे माल जमा करने वाले हो जो अपने माल को दो में से किसी एक प्रकार के व्यक्ति के लिए छोड़ोगे। एक वो जो तुम्हारे जमा किए हुए माल को अल्लाह के आदेशों का पालन करने में उपयोग करेगा और इस तरह जिस माल के बारे में तुम अभागे रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत हो जाएगा। या वो व्यक्ति जो तुम्हारे माल का अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए दुर्पयोग करेगा और इस तरह जो तुम ने उस व्यक्ति को उपलब्ध कराया वो उस के द्वारा अभागा होगया। इन दोनों में से कोई व्यक्ति भी इस बात का अधिकारी नहीं था कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता देते और अपनी पीठ पर उस के लिए बोझ उठाओ। अतः जो चला गया उस के लिए अल्लाह की रहमत और जो बाक़ी रह गया है उस के लिए अल्लाह की ओर से रिज़्क (रोज़ी) के उम्मीदवार रहो।

417-किसी ने आप (अ.स.) के सामने असतग़फ़िरुल्लाह कहा तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः तुम्हारी माँ तुम्हारे शोक में बैठे। क्या तुम जानते हो कि असतग़फ़िरुल्लाह क्या है। असतग़फ़ार ऊँचे लोगों का स्थान है और इस के छः अर्थ हैं। पहला यह कि जो हो चुका उस पर लज्जित होना। दूसरा यह कि उस काम को छोड़ देने का दृढ़ निश्चय कर लेना। तीसरा यह कि लोगों के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करना यहाँ तक कि अल्लाह के सामने ऐसी हालत में पहुँचो कि तुम बिल्कुल पवित्र हों और तुम्हारा दामन पापों से पाक हो। चौथा यह कि हर व्यक्ति का हक़ जो तुम ने अदा नहीं किया उस को अदा करो। पांचवाँ यह कि तुम्हारे शरीर का वो गोश्त जो हराम के माल से बना हो उस को शोक के द्वारा पिघला दो यहाँ तक कि तुम्हारी खाल हड्डियों से लग जाए और उन दोनों के बीच दोबारा नया गोश्त पैदा हो। और छटा यह कि अपने शरीर को आज्ञा पालन के दुख से परिचित कराओ उसी तरह जिस तरह उस को पाप की मिठास को चखाया था और फिर कहो असतग़फ़िरुल्लाह।

418-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बुरदुबारी (शालीनता) एक क़बीले के समान है।

419-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बेचारा इंसान कितना बेबस है, उस की मृत्यु उस से छिपी हुई है। उस की बीमारियाँ उस के अन्दर भरी हुई हैं। उस के कर्म लिख लिए गए हैं। वो मच्छर के काटने से चीख़ पड़ता है। वो पानी गले में फँसने से मर जाता है और पसीना उस में बदबू पैदा करता है।

420-कहा जाता है कि एक बार हज़रत अली (अ.स.) कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे कि उन के सामने से एक सुन्दर स्त्री गुज़री और लोग उस की ओर देखने लगे। जिस पर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः इन पुरुषों की आँखें ताकने वाली हैं और यह ताँक झाँक उन की वासना को उत्तेजित करने का कारण बनती है। अतः अगर तुम में से किसी व्यक्ति की नज़र किसी ऐसी स्त्री पर पड़े जो तुम्हें अच्छी लगे तो उस को अपनी पत्नि की ओर देखना चाहिए क्यूँकि यह स्त्री भी उस स्त्री की तरह ही है।
 यह सुन कर एक ख़ारिजी ने कहा कि ख़ुदा इस काफ़िर को नष्ट करे यह कितना बड़ा फ़क़ीह (ज्ञानी) है। यह सुन कर लोग उस को जान से मारने के लिए उठे तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ठहरो, गाली का बदला ज़्यादा से ज़्यादा गाली हो सकता है और ग़लती को क्षमा करदेना उस से भी अच्छा है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 406 - 415

406-अल्लाह के यहाँ पुरस्कार पाने के लिए मालदारों द्वारा ग़रीबों का आदर सत्कार किया जाना कितना अच्छा है और इस से भी अच्छा अल्लाह पर भरोसा करते हुए ग़रीबों का मालदारों के साथ स्वाभिमान के साथ पेश आना है।

407-अल्लाह ने किसी व्यक्ति को बुद्धि प्रदान नहीं की है मगर यह कि वो उस के द्वारा उस को विनाश से बचाएगा।

408-जो सत्य से टकराएगा हार जाए गा।

409-इंसान जो देखता है वो उस के दिल में एकत्रित होता रहता है।

410-पवित्र चरित्र (तक़वा) समस्त अच्छे गुणों का सिरमौर है।

411-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस ने तुम को बोलना सिखाया है उस के ख़िलाफ़ अपनी ज़बान की तेज़ी मत दिखाओ और जिस ने तुम्हें सही रास्ते पर लगाया है उस के सामने बड़ी बड़ी बातें मत करो।

412-तुम्हारी आत्मा की शुद्घि के लिए यही काफ़ी है कि तुम जो चीज़ औरों के लिए पसन्द नहीं करते अपने लिए भी पसन्द मत करो।

413-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः (मुसीबत के समय) या तो स्वतन्त्र लोगों की तरह धैर्य रखो और या मूर्खों की तरह भूल भाल कर चुप रहो।

414-एक और रिवायत में आया है कि आप (अ.स.) ने अशअस इबने क़ैस से शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः या बुज़ुर्गों की तरह धैर्य रखो और या पशुओं की तरह इस शोक को भूल जाओ।

415-आप (अ.स.) ने दुनिया की विशेषताएं बताते हुए फ़रमायाःये धोकी देती है, हानि पहुँचाती है और छोड़ कर चली जाती है। अल्लाह ने इस को न अपने दोस्तों के लिए पुरस्कार के तौर पर पसन्द फ़रमाया और न अपने शत्रुओं के लिए दण्ड के तौर पर। दुनिया के लोग एक क़ाफ़िले की तरह हैं। जैसे ही वो अपना सामान खोलना चाहते हैं क़ाफ़िले का सरदार कूच का आदेश सुना देता है कि वो अपना सामान बाँधें और चल खड़े हों।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 396 - 405

396-मौत आ जाए किन्तु अपमान न हो। कम मिले किन्तु दूसरे के द्वारा न मिले। जिसे कोई चीज़ आसानी से नहीं मिलती वो चीज़ उसे कोशिश कर के भी नहीं मिलती। काल दो दिनों पर विभाजित है। एक दिन तुम्हारे पक्ष में है और एक दिन तुम्हारे विपक्ष में। जब काल तुम्हारे पक्ष में हो तो इतरओ मत और जब विपक्ष में हो तो धैर्य से काम लो।

397-सब से अच्छी सुगन्ध मुश्क है जिस का पात्र हलका और जिस की महक मस्तिष्क के लिए अच्छी है।

398-गर्व करना छोड़ दो, अहंकार को ख़त्म कर दो और क़ब्र को याद रखो।

399-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः पुत्र का पिता पर एक हक़ है और पिता का पुत्र पर एक हक़ है। पिता का पुत्र पर यह हक़ है कि पुत्र पाक परवरदिगार की अवज्ञा के अतिरिक्त हर चीज़ में उस के आदेश का पालन करे। पुत्र का हक़ पिता पर यह है कि उस का अच्छा नाम रखे और उस को क़ुरान की शिक्षा दे।

400-बुरी नज़र, टोना टोटका, जादू और अच्छा शगुन होता है, मगर अपशगुन कोई चीज़ नहीं है और एक की बीमारी दूसरे को लग जाना ग़लत है। ख़ुशबू लगाना और शहद खाना बीमारी में लाभदायक है। सवारी करना और हरियाली पर नज़र करना दुख, शोक, क्षोभ एवं व्याकुलता को दूर करता है।

401-लोगों में घुल मिल जाना उन से होने वाली हानि से सुरक्षित रखता है।

402-एक व्यक्ति ने आप (अ.स.) से अपनी हैसियत से बढ़कर कुछ कहा तो आप (अ.स.) ने उस से फ़रमायाः तुम पर निकलते ही उड़ने लगे और जवान होने से पहले ही बिलबिलाने लगे।

403-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जो व्यक्ति एक साथ बहुत सी चीज़ों के पीछे भागता है उस के समस्त उपाय विफल हो जाते हैं।

404-आप (अ.स.) से लाहौल व ला क़ुवता इल्ला बिल्लाह (शक्ति और सामर्थ्य नहीं है मगर अल्लाह के लिए) का अर्थ पूछा गया तो फ़रमायाः हम अल्लाह के साथ किसी चीज़ के मालिक नहीं हैं, उस ने जिन चीज़ों का हमें मालिक बनाया है बस उन्हीं पर अधिकार रखते हैं। जब उस ने हमें ऐसी चीज़ का मालिक बनाया जिस पर वो हम से अधिक अधिकार रखता है तो उस ने हम को कुछ ज़िम्मेदारियां सौंपीं और जब उस चीज़ को हम से वापिस ले लिया तो उस ने हम से वो ज़िम्मेदारियां भी वापिस ले लीं।

405-आप (अ.स.) ने जब अम्मारे यासिर को मुग़ीरा इबने शोबा से सवाल जवाब करते सुना तो फ़रमायाः ऐ अम्मार, इस को छोड़ दो। इस ने धर्म से केवल वो लिया है जो इसे दुनिया से निकट कर दे और इस ने जान बूझ कर ख़ुद को शंका में डाल रखा है ताकि शंकओं को अपनी ग़लतियों का बहाना क़रार दे।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 386 - 395

386-कोई व्यक्ति अगर किसी चीज़ को हासिल करने की कोशिश करता है तो उस को या उस के कुछ हिस्से को पा लेता है।

387-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः वो भलाई, भलाई नहीं जिस के बाद नरक की आग हो और वो बुराई, बुराई नहीं जिस के बाद स्वर्ग मिले। स्वर्ग के सामने हर नेमत छोटी है और नरक के सामने हर मुसीबत आराम है।

388-जान लो कि अगर खाने के लिए कुछ न हो तो यह एक मुसीबत है। इस से भी बड़ी मुसीबत शरीर की बीमारी है और शारीरिक बीमारियों मे सब से बड़ी बीमारी दिल की बीमारी है। और जान लो कि नेमतों में सब से बड़ी नेमत धन की अधिकता है और धन की अधिकता से भी अच्छा शरीर का निरोग होना है और शरीर के निरोग होने से अच्छा दिल का पाप से सुरक्षित होना है।

389-जिसे उस का कर्म पीछे हटा देता है उसे उस का कुल आगे नहीं बढ़ा सकता।
एक दूसरी रिवायत में इस तरह आया है।
जिस के अपने अन्दर कोई ख़ूबी न हो उसे उस के पूर्वजों की महानता से कोई लाभ नहीं होता।

390-मोमिन का समय तीन भागों में विभाजित होता है। एक भाग में तो वो अपने परवरदिगार से बातें करता है, एक भाग में वो अपनी जीविका की व्यवस्था करता है और एक भाग में वो हलाल और पवित्र स्वादों का स्वाद लेने के लिए अपने आप को स्वतंत्र छोड़ देता है। और बुद्धिमान को शोभा नहीं देता कि वो तीन चीज़ों के अलावा किसी और चीज़ के पीछे भागे। अपने रोज़गार का प्रबन्ध करना या परलोक की ओर क़दम बढ़ाने के लिए काम करना और या ऐसी चीज़ो से स्वाद लेना जो हराम न हों।

391-दुनिया से दिल न लगओ, अल्लाह तुम को दुनिया की ख़राबियाँ दिखा देगा और बेपरवा न रहो क्यूँकि तुम्हारी ओर से बेपरवा नहीं रहा जाए गा।

392-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बात करो ताकि पहचाने जाओ क्यूँकि इंसान अपनी ज़ुबान के नीचे छिपा है।

393-दुनिया से तुम को जो हासिल हो ले लो और जो चीज़ तुम से मुँह मोड़ ले तुम भी उस से मुँह मोड़ लो। और अगर ऐसा नहीं कर सकते तो फिर दुनिया माँगने व हासिल करने में संतुलन स्थापित करो।

394-बहुत से वाक्य आक्रमण से अधिक प्रभाव रखते हैं।

395-जिस चीज़ पर संतोष कर लिया जाए वही काफ़ी है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 376 - 385

376-सत्य भारी होता है किन्तु भला लगता है। असत्य हलका होता है किन्तु संक्रमण पैदा करने वाला होता है।

377-इस उम्मत के सबसे अच्छे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह के दण्ड के बारे में बिल्कुल निश्चिन्त मत हो जाओ क्यूँकि पाक परवरदिगार फ़रमाता है कि घाटा उठाने वाले लोग ही अल्लाह के दण्ड से निश्चिन्त हो बैठते हैं। और इस उम्मत के सब से बुरे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह की रहमत की ओर से निराश न हो जाओ क्यूँकि अल्लाह की रहमत की ओर से काफ़िरों के अलावा कोई निराश नहीं होता।

378-कंजूसी तमाम बुराईयों का संग्रह है और एक ऐसी नकेल है जिस से हर बुराई की तरफ़ खिंच कर जाया जा सकता है।

379-रोज़ी दो तरह की होती है। एक रोज़ी वो होती है जिस को तुम ढूँढते हो और एक रोज़ी वो होती है जो तुम्हें ढूँढती है और अगर तुम उस तक नहीं पहुँचते हो तो वो तुम तक पहुँच कर रहेगी। अतः अपने एक दिन की चिन्ता पर साल भर की चिन्ताएँ मत लादो क्यूँकि जो रोज़ की रोज़ी है वो तुम्हारे लिए काफ़ी है। अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष है तो अल्लाह ने जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर रखी है वो हर नए दिन तुम को देगा। और अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष नहीं है तो फिर उस चीज़ कि चिन्ता क्यूँ करो जो तुम्हारे लिए नहीं है। और जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तो कोई भी माँगने वाला तुम्हारी रोज़ी की ओर तुम से आगे नहीं बढ़ सकता और जो चीज़ तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तुम्हें उस के मिलने में कभी देर न होगी।

380-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि बहुत से ऐसे लोग हैं जो सुबह को होते हैं और शाम आते आते नहीं रहते। कुछ लोग ऐसे होते हैं कि रात के पहले हिस्से में उन से ईर्ष्या की जाती है और रात के आख़िरी हिस्से में उन पर रोने वालियों का कोहराम बरपा होता है।

381-वाणी जब तक तुम ने उसे कहा नहीं तुम्हारी बन्धक है और जब तुम ने कह दिया तो तुम उस के बन्धक हो। अतः अपनी ज़बान की उसी तरह रक्षा करो जिस तरह अपने सोने चाँदी की करते हो क्यूँकि बहुत सी बातें ऐसी होती हैं जो किसी बड़ी नेमत को छीन लेती हैं और विपत्ति को बुलावा देती हैं।

382-जो नहीं जानते उसे न कहो बल्कि जो जानते हो वो भी सब का सब मत कहो क्यूँकि अल्लाह ने तुम्हारे अंगों पर कुछ कर्तव्य लागू किए हैं जिन के द्वारा क़यामत के दिन वो तुम्हारे ऊपर हुज्जत लाए गा।

383-इस बात से डरो कि अल्लाह तुम को अपनी अवज्ञा के समय देखे और अपनी आज्ञा के पालन के समय अनुपस्थित पाए और तुम को घाटा उठाने वालों में गिना जाए। अतः यदि ख़ुद को शक्तिशालि दिखाना हो तो अपनी शक्ति को पाक परवरदिगार के आज्ञा पालन में लगाओ और यदि कमज़ोर होना हो तो अल्लाह की अवहेलना करने में कमज़ोरी दिखाओ।

384-दुनिया की अस्थिरता को देखते हुए उस की ओर झुकना मूर्खता है और पुण्य प्राप्त होने का विश्वास होने के बावजूद नेक काम करने में कोताही का अर्थ घाटा उठाना है और परखे बिना हर एक पर भरोसा कर लेना कमज़ोरी की निशानी है।

385-अल्लाह के नज़दीक दुनिया की तुच्छता के लिए यही काफ़ी है कि अगर अल्लाह के आदेशों की अवहेलना होती है तो इसी दुनिया में और अगर अल्लाह की ओर से नेमतें प्राप्त होती हैं तो इसी दुनिया को छोड़ने पर।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 366 - 375

366-ज्ञान कर्म से संबधित है अतः जो जानता है वो कर्म भी करता है। और ज्ञान कर्म को पुकारता है अगर वो उत्तर देता है तो ठीक वर्ना वो भी उस से विदा हो जाता है।

367-ऐ लोगो, दुनिया की दौलत सूखा सड़ा भूसा है जो संक्रामक रोग पैदा करता है। अतः यहां अपना सामान आराम से खोल कर लेट जाने से बेहतर इस चरागाह से दूर रहना और इस से दिल न लगाना है। इस से केवल (अपनी न्यूनतम) आवश्यकताओं के बराबर लेना, धन दौलत इकट्ठा करने से ज़्यादा अच्छा है। जिस ने इस दुनिया से अधिक मात्रा में ले लिया उस के लिए दरिद्रता तय कर दी गई है। और जिस ने अपनी आवश्यकताएँ ख़त्म कर दीं और जिस को दुनिया की आवश्कता न रही उस को राहत मिली। जिस को इस दुनिया की सजधज अच्छी लगती है अन्त में यही चमक दमक उस को अन्धा कर देती है। और जो दुनिया पर फ़िदा हो जाता है दुनिया उस के अन्दर ऐसे शोक भर देती है जो उस के दिल की गहराइयों में उथल पुथल पैदा कर देते हैं इस तरह कि कभी कोई फ़िक्र उस को घेरे रहती है और कभी कोई अंदेशा उस को परेशान किए रहता है। वो इसी हालत में होता है कि उस का गला घोंटा जाने लगता है और वो जंगल बियाबान में डाल दिया जाता है इस आलम में कि उस के दिल की दोनों रगें टूट चुकी होती हैं और अल्लाह के लिए उस का फ़ना करना और उस के भाई बन्दों के लिए उसे क़ब्र में उतारना आसान हो जाता है।

मोमिन दुनिया को उपदेश लेने की दृष्टि से देखता है और उस से उतना ही भोजन ग्रहण करता है जितनी उस को ज़रूरत होती है और वो दुनिया की हर बात को नापसन्दी के तौर पर व दुश्मनी की निगाह से देखता है। अगर किसी के बारे में यह कहा जाता है कि वो मालदार हो गया है तो ये भी सुनने में आता है कि वो निर्धन होगया। अगर उस के होने पर खुशी छा जाती है तो उस के मरने पर शोक भी होता है। यह दुनिया की हालत है। हालाँकि अभी वो दिन नहीं आया है कि जब पूरी मायूसी छा जाएगी।

368-पाक परवरदिगार ने अपनी आज्ञा पालन में पुण्य और अपनी अवज्ञा में दण्ड इस लिए रखा है ताकि अपने बन्दों को नरक के दण्ड से दूर करे और उन को स्वर्ग की ओर ले जाए।

369-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि लोगों पर एक ऐसा दौर आएगा कि जब क़ुरान के केवल चिन्ह और इसलाम के नाम के अतिरिक्त कुछ बाक़ी नहीं बचेगा। उस दौर में मस्जिदें सज्जा की दृष्टि से आबाद और लोगों के मार्गदर्शन की दृष्टि से वीरान होंगी। उन के बनाने वाले और उन में ठहरने वाले ज़मीन के लोगों में सबसे बुरे होंगे। यह लोग उपद्रवों के स्रोत और पापों का केन्द्र होंगे। जो इन फ़ितनों से मुँह मोड़े गा, उन्हें उन्हीं फ़ितनों की तरफ़ पलटाएँगे और जो क़दम पीछे हटाएगा, उन्हें धकेल कर उन की तरफ़ ले जाएँगे। अल्लाहताला फ़रमाता है कि मुझे अपनी क़सम कि मैं उन लोगों पर ऐसा फ़ितना (उपद्रव) भेजूँगा कि जिस में सहनशील व गंभीर को आश्चर्यचकित छोड़ूँगा। अतः वह ऐसा ही करेगा। हम अल्लाह से लापरवाही की ठोकरों से क्षमा के इच्छुक हैं।

370-कहा जाता है कि ऐसा कम ही होता था कि आप (अ.स.) मिम्बर पर ख़ुतबा देने के लिए तशरीफ ले जाते हों और यह वाक्य न फ़रमाते हों।

ऐ लोगो, अल्लाह से डरो क्यूँकि कोई व्यक्ति बेकार पैदा नहीं किया गया कि वो खेल कूद में पड़ जाए और न उस को बेलगाम छोड़ दिया गया है कि बेहूदा बातें करने लगे और यह दुनिया जो उस के सामने खुद को सजा संवार कर पेश करती है उस परलोक का बदल नहीं हो सकती कि जिस को उस की निगाह में बुरी सूरत में पेश किया गया है। वो धोका खाया हुवा व्यक्ति जिस ने अपने उच्च साहस के बल बूते पर दुनिया हासिल करने में सफ़लता प्राप्त की उस व्यक्ति के समान नहीं हो सकता जिस ने परलोक के लिए थोड़ा बहुत जमा कर लिया हो।

371-कोई प्रतिष्ठा इसलाम से बड़ी नहीं है, कोई सम्मान तक़वा (मन व कर्म की पवित्रता) से बड़ा नहीं है, कोई दुर्ग संयम से अधिक दृढ़ नहीं है, कोई सिफ़ारिश करने वाला तौबा से बढ़ कर सफ़ल नहीं है, कोई कोष संतोष से ज़्यादा बेपरवा कर देने वाला नहीं है, जो व्यक्ति केवल अपनी ज़रूरत भर रोज़ी लेता है तो निर्धनता को दूर करने वाली इस से बढ़ कर कोई बात नहीं है, और जो व्यक्ति अपनी रोज़ की रोटी पर बस करता है वो सुख व स्मृद्धि पाता है और संतोष हासिल करता है। दुनिया की मुहब्बत पीड़ा की कुंजी और क्षोभ की सवारी है। लालच, अहंकार और ईर्ष्या पापों में बेधड़क फाँद पड़ने के प्रेरक हैं। दुश्चरित्र तमाम दोषों पर हावी होता है।

372-आप (अ.स.) ने जाबिर इबने अब्दुल्लाह अंसारी से फ़रमायाःचार प्रकार के लोगों से दीन व दुनिया की स्थापना है। विद्वान जो अपने ज्ञान को काम में लाता है। अज्ञानी जो ज्ञान हासिल करने में शर्म महसूस न करता हो। दानी जो दान करने में कंजूसी न करता हो। ग़रीब व्यक्ति जो लोक के बदले परलोक न बेचता हो। अतः अगर ज्ञानी अपने ज्ञान को बरबाद करेगा तो अज्ञानी उस के सीखने में शर्म करेगा और अगर मालदार व्यक्ति परोपकार व उपकार करने में कंजूसी करेगा तो ग़रीब व्यक्ति अपना परलोक लोक के बदले बेच डालेगा। 
ऐ जाबिर, जिस पर अल्लाह की नेमतें अधिक होंगीं लोगों की आवश्यकताएँ भी उसी के दामन से अधिक संबधित होंगीं। अतः जो व्यक्ति उन नेमतों के द्वारा अल्लाह के लिए काम करेगा अल्लाह उन नेमतों को स्थाई बना देगा और जो व्यक्ति इन कर्तव्यों को पूरा करने के लिए उठ खड़ा नहीं होगा वो उन्हें बरबादी के ख़तरे में डाल देगा।

373-इबने जरीरे तबरी ने अपने इतिहास में अबदुररहमान इबने अबी लैला फ़क़ीह से रिवायत की है। अबदुररहमान, इबने अशअस के साथ मिल कर हज्जाज से लड़ने के लिए निकले थे। वह लोगों को हज्जाज के खिलाफ़ युद्ध के लिए तैयार करने के लिए अपने भाषणों में कहा करते थे कि जब हम शाम देश के लोगों के विरुद्घ लड़ने के लिए बढ़े तो हज़रत अली (अ.स.) को कहते सुनाः
 ऐ मोमिनीन, अगर कोई व्यक्ति देखे कि अत्याचार किया जा रहा है और बुराई की ओर निमंत्रण दिया जा रहा है और उस ने उस को मन से बुरा समझा तो वो दण्ड से सुरक्षित हो गया और पाप करने से बच गया। और जिस व्यक्ति ने उस को ज़बान से बुरा कहा उसे इनाम मिला और वो उस से बेहतर है जो उस काम को केवल दिल से बुरा समझता है। और जो व्यक्ति तलवार हाथ में ले कर उस बुराई के विरुद्ध खड़ा हो जाए ताकि अल्लाह का बोल बाला हो और अत्याचारियों की बात गिर जाए तो यही वो व्यक्ति है जिस ने मार्गदर्शन को पा लिया और सीधे रास्ते पर चला और उस के दिल में विश्वास ने उजाला फैला दिया।

374-लोगों में से एक वो है जो बुराई को हाथ, ज़बान और दिल से बुरा समझता है। अतः उस ने अच्छी आदतों को पूरे तौर पर हासिल कर लिया। और वो व्यक्ति जो ज़बान और दिल से उस को बुरा समझता है किन्तु अपने हाथ से उस को नहीं मिटाता तो उस ने अच्छी आदतों में से दो से सम्पर्क रखा और एक आदत को नष्ट कर दिया। वो व्यक्ति जो बुराई को दिल से बुरा समझता है और उसे मिटाने के लिए हाथ और ज़बान किसी से काम नहीं लेता, उस ने तीन आदतों में से दो अच्छी आदतों को नष्ट कर दिया और केवल एक से सम्बंधित रहा। एक वो है जो ज़बान से न हाथ से और न दिल से बुराई की रोक थाम करता है वो जीवित लोगों में चलती फिरती हुई लाश है।
 तुम को मालूम होना चाहिए कि समस्त नेक काम और अल्लाह की राह में जिहाद, अम्र बिल मारूफ़ और नही अनिल मुनकर (अच्छे काम का आदेश देने और बुरे काम से रोकने) के मुक़ाबले में ऐसे हैं जैसे गहरे दरिया में थोड़ा से थूक। नेकी का आदेश देने और बुराई से रोकने से न मृत्यु समय से पहले आ जाती है और न इंसान की रोज़ी में कमी होती है। और इस सब से बेहतर बात वो है जो किसी अत्याचारी शासक के सामने कही जाए।

375-अबू हुजैफ़ा से रिवायत है कि उन्होंने अमीरुल मोमिनीन अली (अ.स.) को फ़रमाते हुए सुनाः पहली श्रेणी का युद्ध जिस से तुम पराजित हो जाओगे, हाथ का जिहाद है, फिर ज़बान का और फिर दिल का। जिस ने दिल से भलाई को अच्छा और बुराई को बुरा न समझा उस को उलट पलट कर दिया जाएगा इस तरह कि ऊपर का हिस्सा नीचे और नीचे का हिस्सा ऊपर कर दिया जाए गा।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 356 - 365

356-आप (अ.स.) से पूछा गया कि यदि किसी व्यक्ति को घर के अन्दर बन्द कर दिया जाए तो उस की रोज़ी कहाँ से आएगी। तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिधर से उस की मौत आएगी।

357-आप (अ.स.) ने कुछ लोगों से उन के किसी मरने वाले पर शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः यह काम न तुम से आरम्भ हुआ है और न तुम पर अन्त होगा। तुम्हारा यह दोस्त यात्रा में रहा करता था। अब भी उस को एक यात्रा में ही समझो। अगर वो तुम तक पहुँच गया तो बहुत ठीक वरना तुम स्वंय उस तक पहुँच जाओगे।

358-ऐ लोगो, चाहिए कि अल्लाह तुम को नेमत व आसाइश के मौक़े पर भी उसी तरह भयभीत देखे जिस तरह की तुम को दण्ड से भयभीत देखता है। बेशक जिसे स्मृद्धि नसीब हो और वो उसे दण्ड की ओर बढ़ने का कारण न समझे तो उसने अपने आप को एक ख़तरनाक चीज़ से सुरक्षित समझ लिया। और जो निर्धन हो जाए और इस निर्धनता को परीक्षा न समझे उस ने उस पुण्य को नष्ट कर दिया जिस के मिलने की आशा की जाती है।

359-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ लोभ में गिरफ़्तार लोगो, अपनी ये हरकतें बन्द कर दो, क्यूँकि दुनिया पर टूटने वालों को डरना चाहिए कि काल की घटनाएँ अपने दाँत पीस रही हैं। ऐ लोगो अपने सुधार का दायित्व ख़ुद अपने ऊपर ले लो और अपने अन्तःकरण को उन चीज़ों से लौटा लो जिन का वो आदी हो गया है।

360-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि अगर कोई व्यक्ति कोई बात कह रहा है और अगर उस में कोई अच्छाई का पहलू निकल सकता है तो उस में बुराई का पहलू मत निकालो।


 361-जब अल्लाह से कोई दुआ माँगो तो पहले हज़रत रसूल सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम पर दरूद भेजो उस के बाद दुआ माँगो। क्यूँकि पाक परवरदिगार इस से ऊँचा है कि उस से दो दुआएं माँगी जाएँ और वो एक को पूरा करदे और एक को रोक ले।

362-जिस को अपनी इज़्ज़त प्यारी है उसे चाहिए कि लड़ाई झगड़े से दूर रहे।

363-शक्ति प्राप्त हो जाने से पहले किसी काम में जल्दबाज़ी करना और मौक़ा आने पर चूक जाना दोनों मूर्खता है।

364-जो हुआ न हो उस के बारे में सवाल मत करो क्यूँकि जो हो चुका है वो ही तुम को व्यस्त रखने के लिए काफ़ी है।

365-चिंतन एक चमकदार दर्पण है और उपदेश एक चेतावनी देने वाला शुभ चिन्तक है और तुम्हारे अन्तःकरण के सुधार के लिए इतना ही काफ़ी है कि जो चीज़ दूसरों के लिए नापसन्द करते हो उस से दूर रहो।