Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 356 - 365

356-आप (अ.स.) से पूछा गया कि यदि किसी व्यक्ति को घर के अन्दर बन्द कर दिया जाए तो उस की रोज़ी कहाँ से आएगी। तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिधर से उस की मौत आएगी।

357-आप (अ.स.) ने कुछ लोगों से उन के किसी मरने वाले पर शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः यह काम न तुम से आरम्भ हुआ है और न तुम पर अन्त होगा। तुम्हारा यह दोस्त यात्रा में रहा करता था। अब भी उस को एक यात्रा में ही समझो। अगर वो तुम तक पहुँच गया तो बहुत ठीक वरना तुम स्वंय उस तक पहुँच जाओगे।

358-ऐ लोगो, चाहिए कि अल्लाह तुम को नेमत व आसाइश के मौक़े पर भी उसी तरह भयभीत देखे जिस तरह की तुम को दण्ड से भयभीत देखता है। बेशक जिसे स्मृद्धि नसीब हो और वो उसे दण्ड की ओर बढ़ने का कारण न समझे तो उसने अपने आप को एक ख़तरनाक चीज़ से सुरक्षित समझ लिया। और जो निर्धन हो जाए और इस निर्धनता को परीक्षा न समझे उस ने उस पुण्य को नष्ट कर दिया जिस के मिलने की आशा की जाती है।

359-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ लोभ में गिरफ़्तार लोगो, अपनी ये हरकतें बन्द कर दो, क्यूँकि दुनिया पर टूटने वालों को डरना चाहिए कि काल की घटनाएँ अपने दाँत पीस रही हैं। ऐ लोगो अपने सुधार का दायित्व ख़ुद अपने ऊपर ले लो और अपने अन्तःकरण को उन चीज़ों से लौटा लो जिन का वो आदी हो गया है।

360-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि अगर कोई व्यक्ति कोई बात कह रहा है और अगर उस में कोई अच्छाई का पहलू निकल सकता है तो उस में बुराई का पहलू मत निकालो।


 361-जब अल्लाह से कोई दुआ माँगो तो पहले हज़रत रसूल सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम पर दरूद भेजो उस के बाद दुआ माँगो। क्यूँकि पाक परवरदिगार इस से ऊँचा है कि उस से दो दुआएं माँगी जाएँ और वो एक को पूरा करदे और एक को रोक ले।

362-जिस को अपनी इज़्ज़त प्यारी है उसे चाहिए कि लड़ाई झगड़े से दूर रहे।

363-शक्ति प्राप्त हो जाने से पहले किसी काम में जल्दबाज़ी करना और मौक़ा आने पर चूक जाना दोनों मूर्खता है।

364-जो हुआ न हो उस के बारे में सवाल मत करो क्यूँकि जो हो चुका है वो ही तुम को व्यस्त रखने के लिए काफ़ी है।

365-चिंतन एक चमकदार दर्पण है और उपदेश एक चेतावनी देने वाला शुभ चिन्तक है और तुम्हारे अन्तःकरण के सुधार के लिए इतना ही काफ़ी है कि जो चीज़ दूसरों के लिए नापसन्द करते हो उस से दूर रहो।

No comments:

Post a Comment