Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 386 - 395

386-कोई व्यक्ति अगर किसी चीज़ को हासिल करने की कोशिश करता है तो उस को या उस के कुछ हिस्से को पा लेता है।

387-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः वो भलाई, भलाई नहीं जिस के बाद नरक की आग हो और वो बुराई, बुराई नहीं जिस के बाद स्वर्ग मिले। स्वर्ग के सामने हर नेमत छोटी है और नरक के सामने हर मुसीबत आराम है।

388-जान लो कि अगर खाने के लिए कुछ न हो तो यह एक मुसीबत है। इस से भी बड़ी मुसीबत शरीर की बीमारी है और शारीरिक बीमारियों मे सब से बड़ी बीमारी दिल की बीमारी है। और जान लो कि नेमतों में सब से बड़ी नेमत धन की अधिकता है और धन की अधिकता से भी अच्छा शरीर का निरोग होना है और शरीर के निरोग होने से अच्छा दिल का पाप से सुरक्षित होना है।

389-जिसे उस का कर्म पीछे हटा देता है उसे उस का कुल आगे नहीं बढ़ा सकता।
एक दूसरी रिवायत में इस तरह आया है।
जिस के अपने अन्दर कोई ख़ूबी न हो उसे उस के पूर्वजों की महानता से कोई लाभ नहीं होता।

390-मोमिन का समय तीन भागों में विभाजित होता है। एक भाग में तो वो अपने परवरदिगार से बातें करता है, एक भाग में वो अपनी जीविका की व्यवस्था करता है और एक भाग में वो हलाल और पवित्र स्वादों का स्वाद लेने के लिए अपने आप को स्वतंत्र छोड़ देता है। और बुद्धिमान को शोभा नहीं देता कि वो तीन चीज़ों के अलावा किसी और चीज़ के पीछे भागे। अपने रोज़गार का प्रबन्ध करना या परलोक की ओर क़दम बढ़ाने के लिए काम करना और या ऐसी चीज़ो से स्वाद लेना जो हराम न हों।

391-दुनिया से दिल न लगओ, अल्लाह तुम को दुनिया की ख़राबियाँ दिखा देगा और बेपरवा न रहो क्यूँकि तुम्हारी ओर से बेपरवा नहीं रहा जाए गा।

392-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बात करो ताकि पहचाने जाओ क्यूँकि इंसान अपनी ज़ुबान के नीचे छिपा है।

393-दुनिया से तुम को जो हासिल हो ले लो और जो चीज़ तुम से मुँह मोड़ ले तुम भी उस से मुँह मोड़ लो। और अगर ऐसा नहीं कर सकते तो फिर दुनिया माँगने व हासिल करने में संतुलन स्थापित करो।

394-बहुत से वाक्य आक्रमण से अधिक प्रभाव रखते हैं।

395-जिस चीज़ पर संतोष कर लिया जाए वही काफ़ी है।

No comments:

Post a Comment