Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 416 - 420

416-अपने सुपुत्र हज़रत हसन (अ.स.) से फ़रमायाः ऐ मेरे पुत्र दुनिया की कोई चीज़ अपने पीछे मत छोड़ो, इस लिए कि तुम दो में से किसी एक के लिए छोड़ोगे। या तो वो जो उस माल को अल्लाह की आज्ञा के पालन में उपयोग करे गा तो तुम जिस माल के बारे में बदक़िसमत रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत बन जाएगा। या वो इंसान जो तुम्हारे माल का दुर्पयोग अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए करेगा और इस तरह जो तुम ने उसे उपलब्ध कराया उस से वो बदक़िसमत हो गया और तुम ने उस की ग़लत हरकतों में उस की सहायता की और इन दोनों में से एक व्यक्ति भी इस बात को अधिकारी नहीं है कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता दो।

यही बात एक और तरह भी रिवायत की गई है।

जो माल तुम्हारे हाथ में है तुम से पहले उस के मालिक दूसरे लोग थे और वो माल तुम्हारे बाद दूसरे लोगों के हाथ में चला जाएगा। और तुम ऐसे माल जमा करने वाले हो जो अपने माल को दो में से किसी एक प्रकार के व्यक्ति के लिए छोड़ोगे। एक वो जो तुम्हारे जमा किए हुए माल को अल्लाह के आदेशों का पालन करने में उपयोग करेगा और इस तरह जिस माल के बारे में तुम अभागे रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत हो जाएगा। या वो व्यक्ति जो तुम्हारे माल का अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए दुर्पयोग करेगा और इस तरह जो तुम ने उस व्यक्ति को उपलब्ध कराया वो उस के द्वारा अभागा होगया। इन दोनों में से कोई व्यक्ति भी इस बात का अधिकारी नहीं था कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता देते और अपनी पीठ पर उस के लिए बोझ उठाओ। अतः जो चला गया उस के लिए अल्लाह की रहमत और जो बाक़ी रह गया है उस के लिए अल्लाह की ओर से रिज़्क (रोज़ी) के उम्मीदवार रहो।

417-किसी ने आप (अ.स.) के सामने असतग़फ़िरुल्लाह कहा तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः तुम्हारी माँ तुम्हारे शोक में बैठे। क्या तुम जानते हो कि असतग़फ़िरुल्लाह क्या है। असतग़फ़ार ऊँचे लोगों का स्थान है और इस के छः अर्थ हैं। पहला यह कि जो हो चुका उस पर लज्जित होना। दूसरा यह कि उस काम को छोड़ देने का दृढ़ निश्चय कर लेना। तीसरा यह कि लोगों के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करना यहाँ तक कि अल्लाह के सामने ऐसी हालत में पहुँचो कि तुम बिल्कुल पवित्र हों और तुम्हारा दामन पापों से पाक हो। चौथा यह कि हर व्यक्ति का हक़ जो तुम ने अदा नहीं किया उस को अदा करो। पांचवाँ यह कि तुम्हारे शरीर का वो गोश्त जो हराम के माल से बना हो उस को शोक के द्वारा पिघला दो यहाँ तक कि तुम्हारी खाल हड्डियों से लग जाए और उन दोनों के बीच दोबारा नया गोश्त पैदा हो। और छटा यह कि अपने शरीर को आज्ञा पालन के दुख से परिचित कराओ उसी तरह जिस तरह उस को पाप की मिठास को चखाया था और फिर कहो असतग़फ़िरुल्लाह।

418-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बुरदुबारी (शालीनता) एक क़बीले के समान है।

419-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बेचारा इंसान कितना बेबस है, उस की मृत्यु उस से छिपी हुई है। उस की बीमारियाँ उस के अन्दर भरी हुई हैं। उस के कर्म लिख लिए गए हैं। वो मच्छर के काटने से चीख़ पड़ता है। वो पानी गले में फँसने से मर जाता है और पसीना उस में बदबू पैदा करता है।

420-कहा जाता है कि एक बार हज़रत अली (अ.स.) कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे कि उन के सामने से एक सुन्दर स्त्री गुज़री और लोग उस की ओर देखने लगे। जिस पर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः इन पुरुषों की आँखें ताकने वाली हैं और यह ताँक झाँक उन की वासना को उत्तेजित करने का कारण बनती है। अतः अगर तुम में से किसी व्यक्ति की नज़र किसी ऐसी स्त्री पर पड़े जो तुम्हें अच्छी लगे तो उस को अपनी पत्नि की ओर देखना चाहिए क्यूँकि यह स्त्री भी उस स्त्री की तरह ही है।
 यह सुन कर एक ख़ारिजी ने कहा कि ख़ुदा इस काफ़िर को नष्ट करे यह कितना बड़ा फ़क़ीह (ज्ञानी) है। यह सुन कर लोग उस को जान से मारने के लिए उठे तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ठहरो, गाली का बदला ज़्यादा से ज़्यादा गाली हो सकता है और ग़लती को क्षमा करदेना उस से भी अच्छा है।

No comments:

Post a Comment