Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 206 - 215

206-शालीन (बुर्दबार) व्यक्ति को अपनी शालीनता (बुर्दबारी) का पहला प्रतिफल यह मिलता है कि लोग जाहिल व्यक्ति के ख़िलाफ़ उस के तरफ़दार हो जाते हैं।

207-अगर शालीन (बुर्दबार) नहीं हो तो बुर्दबार बनने की कोशिश करो क्यूँकि ऐसा कम ही होता है कि कोई व्यक्ति ख़ुद को लोगों के एक विशेष समूह जैसा दिखाने की कोशिश करे और वो उन जैसा न हो जाए।

208-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस ने अपने आप का हिसाब किया उस ने लाभ उठाया और जो इस काम से बेपरवा रहा उस ने नुक़सान उठाया, और जो डरा वो सुरक्षित हो गया और जिस ने उपदेश ग्रहण किया वो देखने वाला हो गया और जो देखने वाला हो गया वो समझ गया और जिस ने समझ लिया उस ने ज्ञान प्राप्त कर लिया।

209-यह दुनिया मुँहज़ोरी दिखाने के बाद हमारी तरफ़ झुकेगी, उसी तरह जिस तरह काटने वाली ऊँटनी अपने बच्चे की तरफ़ झुकती है। फिर आप (अ.स.) ने क़ुरान शरीफ़ की एक आयत की तिलावत फ़रमाई जिस का अर्थ हैः
“हम चाहते हैं कि जो लोग ज़मीन पर कमज़ोर कर दिए गए हैं उन पर एहसान करें और उन को इमाम बनाएँ और उन्हीं को इस ज़मीन का वारिस बनाएँ।”

210-आप (अ.स.) ने फ़रमाया, अल्लाह का तक़वा इख़तियार करो (अर्थात अपने मन व कर्मों को पवित्र कर लो) उस व्यक्ति की तरह जो कमर कस कर तैयार हो गया और जिस ने समय पर कोशिश की और अल्लाह की बन्दगी के रास्ते पर डरता हुआ मगर तेज़ी से आगे बढ़ा और जिस ने अपने कर्मों और अपनी आख़िरी मन्ज़िल (गन्तव्य) पर नज़र रखी।

211-दानशीलता (सख़ावत) मान मर्यादा की रक्षक है, बुर्दबारी मूर्ख के मुँह का तसमा है, क्षमा करना सफ़लता की ज़कात है (अर्थात सफ़लता के लिए क्षमा करना ज़रूरी है), ग़द्दारी करने वाले को भूल जाना ही उस का बदला है। परामर्श (मशवरा) लेने का अर्थ सही रास्ता पा जाना है। जो व्यक्ति केवल अपनी राय पर भरोसा करता है ख़ुद को ख़तरे में डालता है। धैर्य (सब्र) विपत्तियों को दूर करता है। व्याकुलता (व्यक्ति के बुरे) समय की सहायता करती है। सबसे बड़ी दौलत आकांक्षाओं से हाथ उठा लेना है। बहुत सी बुद्घियाँ अमीर लोगों की वासनाओं की दास हो जाती हैं। अनुभव अल्लाह की मेहरबानी से ही प्राप्त होता है। दोस्ती एक तरह की रिश्तेदारी है। जो तुम से दुखी हो उस पर विश्वास मत करो।

212-इंसान की ख़ुदपसंदी उस की अक़ल की दुश्मन है।
213-कष्टों को नज़र अन्दाज़ करना सीखो वरना कभी ख़ुश नहीं रह पाओ गे।

214-जिस पेड़ की लकड़ी नर्म होती है उस की शाख़ाएँ घनी होती हैं। (अर्थात जिस का व्यवहार अच्छा होता है उस के दोस्त ज़्यादा होता है)

215-विरोध सही राय को बर्बाद कर देता है।

No comments:

Post a Comment