Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 246 - 255

246-नेमतों के नष्ट होने से डरते रहो क्यूँकि हर भाग जाने वाला पलटता नहीं है।

247-मेहरबानी रिश्तेदारी से भी अधिक निकटता का कारण होती है।

248-जो तुम्हारे बारे में अच्छा विचार रखे तो तुम उस अच्छे विचार को सच्चा साबित करो।

249-उत्तम कर्म वो है जिस को करने के लिए तुम्हें अपने मन को मारना पड़े।

250-मैं ने पाक परवरदिगार को पहचाना इरादों के टूट जाने से और बन्द रास्तों के खुल जाने से।

251-इस लोक की कड़वाहट परलोक की मिठास है और इस लोक की मिठास परलोक की कड़वाहट है।

252-अल्लाह ने ईमान को वाजिब क़रार दिया इंसान को शिर्क की गन्दगी से पाक करने के लिए, नमाज़ को अनिवार्य किया अहंकार से बचाने के लिए, ज़कात को रोज़ी बढ़ने का कारण बनाया, रोज़े का मक़सद अल्लाह के बन्दों की निःस्वार्थता (इख़लास) की परीक्षा है, हज दीन को सशक्त करने के लिए है, जिहाद इसलाम की सरबुलन्दी के लिए है, नेक काम का आदेश देना लोगों के सुधार के लिए है, बुराई से रोकने का उद्देश्य बेवक़ूफ़ों की रोक थाम है, रिश्तेदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने का उद्देश्य मित्रों और सहयोगियों की गिनती बढ़ाना है। क़िसास (बदला) इस लिए रखा गया है ताकि ख़ून न बहे, धामिर्क सीमाओं की स्थापना इस लिए की गयी है ता कि जिन कामों से रोका गया है उन को अच्छी तरह बताया जा सके।

मदिरापान करने से इस लिए रोका गया है ताकि बुद्धि की रक्षा की जा सके, चोरी से दूरी पवित्रता की रक्षा के लिए है, गुदा मैथुन का त्याग वंश बढ़ाने के लिए है। परस्त्री गमन से मना करने का उद्देश्य नसब की रक्षा है। गवाही अधिकारों के नकारने के मुक़ाबले में प्रमाण उपलब्ध कराने के लिए है। झूठ से दूरी सत्य की प्रतिष्ठा स्थापित करने के लिए है। सलाम करना भय से सुरक्षा के लिए है। इमामत उम्मत की व्यवस्था करने के लिए है और आज्ञाकारिता इमामत की प्रतिष्ठा स्थापित करने के लिए है।

253-अगर किसी अत्याचारी से क़सम लेना हो तो उस से इस तरह हलफ़ उठवाओ कि वो अल्लाह की शक्ति व सामर्थ्य से मुक्त है। क्यूँकि जब वो इस तरह झूटी क़सम खाएगा तो जल्दी सज़ा पाएगा। और जब इस तरह क़सम खाए कि क़सम अल्लाह की कि जिस के सिवा कोई माबूद नहीं है तो उस की जल्दी पकड़ न होगी क्यूँकि उस ने अल्लाह को उस की वहदत व यकताई के साथ याद किया।

254-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ आदम (अ.स.) के बेटे, अपने माल का व्यवस्थापक तू ख़ुद बन और उस के साथ वो कर जो तू चाहता है कि तेरे बाद किया जाए।

255-क्रोध एक प्रकार की दीवानगी है क्यूँकि क्रोध करने वाला बाद में लज्जित अवश्य होता है और अगर वो लज्जित नहीं होता तो इस का अर्थ है कि उस की दीवानगी पक्की हो चुकी है।

No comments:

Post a Comment