186-अत्याचार में पहल
करने वाला कल (पश्चाताप) में अपना हाथ अपने दाँतों से काटता होगा।
187-सामान बाँधने का समय
नज़दीक है।
188-जो हक़ की मुख़ालिफ़त
करता है, तबाह हो जाता है।
189-जिसे धैर्य मुक्ति
नहीं दिलाता उसे व्याकुलता बरबाद कर देती है।
190-कितनी अजीब बात है
कि क्या (हज़रत रसूल का) उत्तराधिकारी बनने का मापदण्ड केवल उन का साथी और रिश्तेदार
होना ही है?
सैय्यद रज़ी कहते
हैं कि यहाँ पर हज़रत अली (अ.स.) से कविता की चार पक्तियाँ भी नक़ल की गई हैं जिन का
अर्थ इस प्रकार है कि अगर तुम मंत्रणा (शूरा) के द्वारा लोगों के सियाह सफ़ेद के मालिक
हो गए तो यह कैसे हुआ जबकि मशवरा देने के हक़दार लोग उस शूरा में शरीक नहीं थे। और
अगर रिश्तेदारी के आधार पर अपने सामने वाले पर हावी हो गए तो फिर तुम्हारे अलावा दूसरा
व्यक्ति हज़रत रसूल (स.) का ज़्यादा हक़दार और उन का ज़्यादा करीबी रिश्तेदार है।
191-दुनिया में इंसान
मृत्यु की ओर से की जाने वाली तीरों की बारिश का निशाना है और परेशानियाँ उस को हर
तरफ़ से घेरे हुए हैं। यहाँ रह कर घूँट हलक़ में अटकता है और हर लुक़मा गले में फँसता
है। यहां बन्दे को कोई नेमत उस समय तक नहीं मिलती जब तक उस से कोई दूसरी नेमत जुदा
नहीं हो जाती और उस की आयु का एक दिन नहीं आता जब तक कि उस की उम्र से एक दिन कम न
हो जाए। अतः हम लोग मृत्यु के सहायक हैं और हमारी जानें मौत के निशाने पर हैं। हम ऐसी
हालत में अमर होने की आशा किस प्रकार कर सकते हैं। और ये रात व दिन किसी भवन की बुनियादें ऊपर नहीं
उठाते मगर उस को बरबाद करने में और जो कुछ जमा किया है उस को बिखेरने में लगे रहते
हैं।
192-ऐ आदम (अ.स.) के बेटे,
तू ने जो कुछ अपनी ख़ुराक से अधिक कमाया है उस में
तू दूसरों का ख़ज़ानची है।
193-दिलों में वासनाएँ
पाई जाती हैं। दिल कभी किसी चीज़ की ओर आकर्षित होते हैं और कभी किसी चीज़ की ओर से
पीछे हट जाते हैं। अतः दिलों से उस समय काम लो कि जब वो किसी चीज़ की तरफ़ आकर्षित
हों क्यूँ कि जब दिल को मजबूर कर के किसी काम पर लगाया जाता है तो उस को कुछ सुझाई
नहीं देता।
194-जब मुझे क्रोध आए
तो अपने क्रोध को कब उतारूँ? क्या उस समय कि जब
मुझ में बदला लेने की ताक़त न हो और मुझ से कहा जाए कि सब्र कीजिए या उस समय कि जब
मुझ में बदला लेने की ताक़त हो और मुझ से कहा जाए कि क्षमा कर देना अच्छा है।
195-आप का गुज़र एक कूड़े
के ढेर की तरफ़ से हुआ जहाँ गन्दगियाँ पड़ी हुई थीं तो आप ने फ़रमायाः ये वो है जिस
के लिए कंजूसी करने वालों ने कंजूसी की। एक दूसरी जगह आया है कि आप ने फ़रमाया कि ये
वो है कि जिस की वजह से तुम लोग कल एक दूसरे से मुक़ाबला किया करते थे।
No comments:
Post a Comment