Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 226 - 235

226-लोभ करने वाला अपमान की ज़ंजीरों में जकड़ा रहता है।
227-आप (अ.स.) से ईमान के बारे में पूछा गया तो आप ने फ़रमायाः ईमान का अर्थ है दिल से पहचानना, ज़बान से इक़रार करना और अंगों से कर्म करना।

228-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जो दुनिया के बारे में शोक ग्रस्त है वो अल्लाह के निर्णय व निश्चय से अप्रसन्न है। जो अपने ऊपर आने वाली विपत्ति का शिकवा करे वो अपने परवरदिगार का शिकवा करता है। जो किसी मालदार व्यक्ति के सामने उस के माल की वजह से झुके तो उस का दो तिहाई दीन बरबाद हो गया। जो व्यक्ति क़ुरान की तिलावत करे और फिर मर कर दोज़ख़ में चला जाए तो वो उन में से होगा जो अल्लाह की निशानियों का मज़ाक उड़ाते थे और उन को क़िस्से कहानियाँ समझते थे। जिस का दिल दुनिया की मुहब्बत में गिरफ़तार हो जाए तो उस के दिल में तीन चीज़ें पेवस्त हो जाती हैः एक ऐसा शोक जो कभी उस से जुदा नहीं होता, एक ऐसा लोभ जो कभी उस का पीछा नहीं छोड़ता और एक ऐसी आशा जो कभी पूरी नहीं होती।

229-संतोष से बढ़ कर कोई राज्य नहीं है और सदव्यवहार से बढ़ कर कोई नेमत नहीं है। आप (अ.स.) से इस आयत का मतलब पूछा गया कि हम उसे पाको पाकीज़ा ज़िन्दगी देंगे। तो आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि इस का अर्थ संतोष है।

230-जिस की ओर रोज़ी रुख़ किए हो उस के साथ भागीदारी करो क्यूँकि इस में दौलत हासिल करने और सौभाग्य की अधिक संभावना है।

231-आप (अ.स.) से परवरदिगार के इस कथन के बारे में सवाल किया गया जिस में कहा गया है कि अल्लाह न्याय व उपकार का आदेश देता है। आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि न्याय का अर्थ इंसाफ़ और उपकार का अर्थ दूसरों के साथ नेकी व मेहरबानी करना है।

232-जो छोटे हाथ से दूसरों को देता है उस को बड़े हाथ के द्वारा दिया जाएगा।
सैय्यद रज़ी फ़रमाते हैं कि इस बात का अर्थ यह है कि इंसान अपने माल में से नेकी के रास्ते में जो भी ख़र्च करता है अगर वो कम भी हो तो भी अल्लाह उस का बहुत और बड़ा बदला देगा।

233-आप (अ.स.) ने अपने बेटे इमाम हसन (अ.स.) से फ़रमायाः किसी को अपने आप से मुक़ाबला करने के लिए मत ललकारो, लेकिन अगर तुम को ललकारें तो उसे जवाब दो कि जो दूसरों को युद्ध के लिए ललकारता है वो अत्याचारी होता है और अत्याचार करने वाला हारा हुवा और ज़लील होता है।

234-स्त्रियों की श्रेष्ठ आदतें वो हैं जो पुरुषों के सब से बुरे गुण हैं – अर्थात अभिमान, कायरता और कंजूसी। इस लिए कि स्त्री अगर स्वाभिमानी हो गी तो किसी दूसरे को अपने ऊपर क़ाबू नहीं देगी, और कंजूस होगी तो अपने और अपने पति के माल की रक्षा करेगी और यदि वो कायर होगी तो हर उस चीज़ से डरेगी जो उसे पेश आए गी।

235-आप (अ.स.) से बुद्धिमान की विशेषताएँ बयान करने को कहा गया तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बुद्धिमान वो है जो हर चीज़ को उस के सही स्थान पर रखता है। फिर आप से बेवक़ूफ़ की विशेषताएँ बयान करने को कहा गया तो आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि मैं बयान कर चुका हूँ।

No comments:

Post a Comment