116-कितने ही लोग ऐसे
हैं जिन को उपहार दे कर पकड़ में ले लिया जाता है। कितने ही लोग ऐसे हैं जो अल्लाह
की पर्दापोशी से धोका खाए हुए हैं और अपने बारे में अच्छी बातें सुन कर धोका खा जाते
हैं और अल्लाह ने मोहलत से बढ़ कर परीक्षा का कोई ज़रिया क़रार नहीं दिया।
117-मेरे बारे में दो
तरह के लोग तबाह व बरबाद होंगेः एक वो चाहने वाला जो हद से आगे बढ़ जाए और एक वो दुश्मन
जो मुझ से अदावत रखता हो।
118-अवसर को हाथ से जाने
देना दुख व क्षोभ का कारण होता है।
119-दुनिया की मिसाल साँप
की सी है जो छूने में बहुत नर्म मालूम होता है मगर उस के अन्दर घातक विष भरा होता है।
धोका खाया हुवा जाहिल इंसान उस की तरफ़ आकर्षित हो जाता है और बुद्धिमान व समझदार उस
से बच कर रहता है।
120-हज़रत अली (अ.स.)
से क़ुरैश के बारे में पूछा गया तो आपने फ़रमाया, “बनी मख़ज़ूम का क़बीला क़ुरैश का महकता हुवा फूल हैं। उन के
मर्दों से बात चीत और उन की औरतों से शादी पसंदीदा है। और बनी अब्दे शम्स बहुत दूर
तक सोचने वाले और अपने पीछे की बातों की रोक थाम करने वाले हैं। लेकिन हम बनी हाशिम
अपने हाथ की दौलत के लुटाने और मौत के मैदान में जान देने वाले होते हैं। वो लोग गिनती
में अधिक, धोके बाज़ और कुरूप होते हैं
और हम अच्छी बातें करने वाले, दूसरों के शुभचिन्तक
और रौशन चेहरों वाले होते हैं।
121-उन दो प्रकार के कर्मों
में कितना अन्तर है, एक वो कि जिस का स्वाद
मिट जाए किन्तु कष्ट बाक़ी रहे और एक वो कि जिस का कष्ट ख़त्म हो जाए किन्तु पुण्य
व पुरस्कार बाक़ी रहे।
122-हज़रत अली (अ.स.)
एक जनाज़े के पीछे जा रहे थे कि आप ने एक व्यक्ति के हँसने की आवाज़ सुनी जिस पर आप
ने फ़रमायाः
ऐसा लगता है जैसे
दुनिया में मौत हमारे अलावा केवल दूसरों के लिए लिखी गई है और जैसे यह मौत केवल दूसरों
को ही आए गी। और ऐसा लगता है कि हम जिन मरने वालों को देखते हैं वो यात्री हैं जो जल्दी
ही हमारी तरफ़ पलट कर आ जाएँगे (जब कि वास्तविकता यह है कि) इधर हम उन को क़ब्रों में
उतारते हैं और इधर उन का तर्का खाने लगते हैं जैसे हम हमेशा रहने वाले हैं। फिर यह
कि हम ने हर उपदेश देने वाले को भुला दिया है और आफ़त का निशाना बन गए हैं।
123-वो व्यक्ति ख़ुशक़िसमत
है जिस ने स्वयं को छोटा व ज़लील समझा, जिस की कमाई साफ़ सुथरी, जिस की नियत नेक और
जिस की आदत अच्छी रही। जिसने अपने बचे हुए माल को अल्लाह की राह में ख़र्च किया,
जिस ने अपनी ज़बान को ज़्यादा बात करने से रोके
रखा, जिस ने अपने आप को लोगों को
कष्ट देने से बचाए रखा, सुन्नत उस को बुरी
न लगी और वो बिदअत (नई बात) के साथ जुड़ा नहीं।
सैय्यद रज़ी कहते
हैं कि यह कलाम और इस से पहले वाला कलाम हज़रत मौहम्मद (स.) का है।
124-औरत का स्वाभिमान
करना कुफ़्र और मर्द का स्वाभिमान करना ईमान है।
125-मैं इसलाम की ऐसी
परिभाषा बयान करता हूँ कि जैसी परिभाषा मुझ से पहले किसी ने नहीं बयान की। इसलाम का
अर्थ अपने आप को समर्पित कर देना है और समर्पित करने का अर्थ विश्वास है और विश्वास
का अर्थ पुष्टि करना है और पुष्टि करने का अर्थ स्वीकार करना है और स्वीकार करने का
अर्थ कर्तव्य का पालन करना है और कर्तव्य का पालन करना नेक काम अंजाम देना है।
No comments:
Post a Comment