196-तुम्हारा वो माल जो
तुम्हारे हाथ से चला गया किन्तु तुम को उपदेश दे गया बेकार नहीं गया।
197-दिल भी शरीर की तरह
थक जाते हैं। अतः दिलों को सुकून देने को लिए समझदारी की बातें तलाश करो।
198-जब आप (अ.स.) ने ख़ारजियों
का यह कथन सुना कि ‘ला हुकमा इल्ला लिल्लाह’ अर्थात आदेश केवल
अल्लाह के लिए है, तो आप ने फ़रमाया
कि यह बात तो सही है किन्तु इस से जो अर्थ निकाला जाता है वो ग़लत है।
199-आप (अ.स.) ने एक बार
आम लोगों की भीड़ को देख कर फ़रमायाः
ये वो लोग हैं जो
अगर इकट्ठा हो जाते हैं तो छा जाते हैं और जब फैल जाते हैं तो पहचाने नहीं जाते।
एक दूसरी जगह यही
बात इस प्रकार कही गई हैः
ये वो लोग हैं कि
जब इकट्ठा हो जाते हैं तो हानि पहुँचाते हैं और जब फैल जाते हैं तो लाभदायक होते हैं।
आप (अ.स.) से कहा
गया कि इन लोगों के एकत्र होने से होने वाली हानि के बारे में तो जानते हैं किन्तु
इन के फैल जाने से क्या लाभ होता है, तो फ़रमायाः
विभिन्न प्रकार के
काम करने वाले लोग अपने अपने कारोबार की ओर लौट जाते हैं और लोग इस से लाभ उठाते है।
राज मिस्त्री लोग अपने द्वारा बनाए जाने वाले भवनों की ओर लौट जाते हैं, कपड़ा बुनने वाले लोग अपने काम की जगह की ओर और
नानबाई अपनी रोटी बनाने की जगह की तरफ़ लौट जाते हैं।
200-आप (अ.स.) के सामने
एक अपराधी लाया गया तो उस के पीछे पीछे तमाशाइयों का हुजूम भी था, जिस को देख कर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
ऐसे चेहरों पर फिटकार
हो जो केवल बुरे अवसरों पर ही नज़र आते हैं।
201-हर इनसान के साथ दो
फ़रिश्ते होते हैं जो उस की रक्षा करते हैं और जब मौत का समय आता है तो उस के और मौत
के बीच से हट जाते हैं। और बेशक इंसान की निर्धारित आयु उस के लिए मज़बूत ढाल है।
202-तलहा व ज़ुबैर ने
आप (अ.स.) से कहा कि हम इस शर्त पर आप की बैअत करते हैं कि इस हुकूमत में आप के शरीक
होंगे, तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
नहीं, बल्कि तुम शक्ति पहुँचाने और हाथ बँटाने में शरीक
और कमज़ोरी और कठिनाई के अवसर पर सहायक होगे।
203-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
अल्लाह का तक़वा इख़तियार करो (अर्थात अपने मन और कर्मों को पवित्र कर लो) क्यूँकि
तुम जो कुछ कहते हो वो उस को सुनता है और अगर तुम कोई बात अपने दिल में छिपा कर रखो
तो वो जानता है। और उस मौत की ओर बढ़ने की तैयारी करो कि अगर तुम उस से भागो गे तो
वो तुम को पा लेगी और अगर ठहर जाओगे तो तुम को पकड़ लेगी और अगर तुम उस को भूल जाओ
गे तो वो तुम को याद रखे गी।
204-किसी व्यक्ति का तुम्हारे
उपकार के बदले तुम्हारा कृतज्ञ न होना तुम को उपकार करने से हतोत्साहित न कर दे। क्यूँकि
कभी कभी ऐसा भी होता है कि तुम्हारे उपकार की वो व्यक्ति सराहना करता है जिस ने उस
उपकार से कोई लाभ ही न उठाया हो। और उस अकृतज्ञ व्यक्ति ने तुम्हारे हक़ को जितनी हानि
पहुँचाई हो तुम उस से कहीं अधिक उस सराहना करने वाले की सराहना से प्राप्त कर लो गे।
और अल्लाह उपकार करने वालों को दोस्त रखता है।
205-हर पात्र (बरतन) उस
में रखी गई चीज़ की वजह से तंग हो जाता है, किन्तु ज्ञान का पात्र एक ऐसा पात्र है कि उस में जितना ज्ञान
भरा जाता है वो उतना ही विशाल हो जाता है।
No comments:
Post a Comment