296-आप (अ.स.) ने एक व्यक्ति
को देखा कि वो अपने शत्रु को एक ऐसी चीज़ से हानि पहुँचाना चाहता था जिस से स्वंय उस
को भी हानि पहुँचती। आप (अ.स.) ने उस व्यक्ति से फ़रमायाः
तू उस व्यक्ति के
समान है जो अपने पीछे वाले सवार को जान से मारने के लिए स्वंय अपने सीने में भाला मार
ले।
297-उपदेश कितने अधिक
हैं और उन से सीख लेने वाले कितने कम।
298-जो लड़ाई झगड़े में
हद से गुज़र जाए वो पापी है, जो उस में कमी करे
उस पर सितम किया जाता है और जो लड़ता झगड़ता रहता है उस के लिए अल्लाह से डरना कठिन
हो जाता है।
299-एक ऐसा पाप जिस के
बाद दो रकअत नमाज़ अदा करने और अल्लाह से शान्ति व कुशलता की दुआ करने की मोहलत मिल
जाए मुझे परेशान नहीं करता।
300-अमीरुल मोमिनीन हज़रत
अली (अ.स.) से पूछा गया कि परवरदिगार अपने असंख्य बन्दों का हिसाब किताब कैसे करेगा
तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस तरह इतनी अधिक
संख्या के बावजूद उन को रोज़ी पहुँचाता है।
आप (अ.स.) से फिर
सवाल किया गया कि परवरदिगार किस तरह हिसाब लेगा जब कि लोग उस को देखेंगे भी नहीं।
आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
जिस तरह उन को रोज़ी देता है और वो उस को देखते नहीं हैं।
301-तुम्हारा दूत तुम्हारी
बुद्धि का परिचायक है और जो चीज़ तुम्हारी ओर से तुम्हारी बात दूसरों तक भलि भाँति
पहुँचाती है वो तुम्हारा पत्र है।
302-हर वो व्यक्ति जो
परेशानियों में घिरा हो दुआ का मोहताज है। किन्तु जो व्यक्ति परेशानियों में न घिरा
हुआ हो वो भी दुआ का उतना ही मोहताज है क्यूँकि परेशानियाँ उस को घेरने की प्रतीक्षा
में हैं।
303-लोग दुनिया की औलाद
हैं और किसी व्यक्ति की अपनी माँ से प्रेम करने पर भर्त्सना नहीं की जा सकती।
304-लाचार व्यक्ति अल्लाह
की ओर से भेजा हुआ दूत है। जिस ने उस को मना किया उस ने अल्लाह को मना किया और जिस
ने उस को कुछ दिया उस ने अल्लाह को दिया।
305-जो लोग ग़ैरतदार होते हैं वो कभी परस्त्री के साथ शारीरिक
संबन्ध स्थापित नहीं करते।
No comments:
Post a Comment