Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 326 - 335

326-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि वह आयु जिस के बाद अल्लाह क्षमा याचना स्वीकार नहीं करता साठ साल है।

327-जिस पर पाप ने क़ाबू पा लिया वो सफ़ल न हो सका और जिस पर बुराई ने अधिकार जमा लिया वो पराजित हो गया।

328-पाक परवरदिगार ने मालदारों के माल में ग़रीबों की रोज़ी क़रार दी है। अतः अगर कोई ग़रीब भूखा रहता है तो इस लिए कि मालदार ने माल समेट लिया है और पाक परवरदिगार इस पर उस मालदार से जवाब तलब करे गा।

329-सच्चे दिल से माफ़ी माँगने से अच्छा है कि माफ़ी माँगने की ज़रुरत ही न पड़े।

330-अल्लाह का तुम पर कम से कम हक़ यह है कि उस की दी हुई नेमतों का अल्लाह की अवज्ञा के रास्तों में उपयोग मत करो।

331-जब कमज़ोर व्यक्ति कर्म में कोताही करते हैं तो अल्लाह की तरफ़ से बुद्धिमानों के लिए कर्तव्य पालन का बेहतरीन अवसर है।

332-हाकिम लोग अल्लाह की ज़मीन पर उस के रक्षक हैं।

333-मोमिन का हर्ष उस के चेहरे पर और उस का दुख उस के दिल के अन्दर होता है। उस का दिल जितना बड़ा होता है वो अपने अन्तःकरण को उतना ही अपमानित करता है। वो अपने आप को दूसरों से ब़ड़ा दिखाने को बुरा समझता है और दूसरों को अपनी नेकियाँ सुनाने को दुश्मन समझता है। उस का दुख अथाह है और उस की हिम्मत बहुत बड़ी है। वो अधिकतर मौन रहता है, हर समय व्यस्त रहता है, वो सदैव कृतज्ञ रहता है और धैर्य उस की आदत होती है। वो हमेशा सोच विचार में खोया रहता है और अपनी आवश्यकताओं को किसी को नहीं बताता। वो विनम्र प्रवृत्ति का होता है और सुकून से चलता है। उस का अन्तःकरण पत्थर से अधिक कठोर और वो ग़ुलाम से अधिक सुशील होता है।

334-अगर कोई इंसान जीवन और उस के परिणाम को देखे तो उस की आशा और धोके से घृणा करने लगे।
335-हर व्यक्ति के माल में दो हिस्सेदार होते हैं – एक वारिस और दूसरे दुर्घटनाएँ।

No comments:

Post a Comment