Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 336 - 345

336-जिस से माँगा जाए वो उस समय तक स्वतंत्र है जब तक कि वो वादा न कर ले।

337-बिना स्वंय कर्म किए दूसरों को अच्छे काम की ओर बुलाने वाला ऐसा है जैसे बिना कमान के तीर चलाने वाला।

338-ज्ञान दो तरह का है – एक वो जो आत्मा में रच बस जाए और एक वो जो केवल सुन लिया गया हो। और सुना हुआ ज्ञान लाभ नहीं देता जब तक कि वो मन में रच बस न जाए।

339-सही मशवरा और हुकूमत एक दूसरे के साथ होते हैं। अगर सही मशवरा होता है तो हुकूमत बाक़ी रहती है और अगर ये नहीं होता तो वो भी नहीं होती।

340-स्वच्छ चरित्र ग़रीबी का और शुक्र करना अमीरी का ज़ेवर है।

341-अत्याचारी के लिए न्याय का दिन उस दिन से अधिक कठिन होगा जब अत्याचारी ने अत्याचार किए थे।

342-सबसे बड़ी स्मृद्धि यह है कि जो दूसरों के हाथ में है उस की आस न रखी जाए।

343-जो कुछ कहा गया है वो सुरक्षित है। दिलों के भेद जाँचे जाने वाले हैं। हर व्यक्ति अपने कर्मों के हाथ गिरवी है। लोगों के शरीर कमज़ोर और उन की बुद्धियाँ भ्रष्ट हैं सिवाए उन के कि जिन को अल्लाह बचाए रखे, उन में से पूछने वाला उलझना चाहता है और जवाब देने वाला बिना ज्ञान के जवाब देता है। उन में जो सही राय रखते हैं उन को ख़ुशी व नाराज़गी पलटा देती है। उन में से जिस की बुद्घि परिपक्व होती है उस के दिल पर एक निगाह असर करती है और एक वाक्य उस के अन्दर क्रान्ति पैदा कर देता है।

344-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ लोगो, अल्लाह से डरते रहो क्यूँकि कितने लोग हैं जो आशाएँ रखते हैं और उन को प्राप्त नहीं कर पाते, कितने ही ऐसे लोग हैं जो घर बनाते हैं लेकिन उनको उन में रहना नसीब नहीं होता और बहुत से ऐसे माल जमा करने वाले हैं जो जल्दी ही अपना माल छोड़ कर चले जाते हैं, ऐसा माल जो ग़लत तरीक़े से जमा किया गया हो या किसी का हक़ दबा कर प्राप्त किया गया हो और उस माल को हराम के तौर पर पाया हो और उस माल की वजह से पाप का बोझ उठाया हो। तो वो लोग उस माल का वबाल ले कर पलटे और अपने परवरदिगार के सामने दुखी हालत में जा पहुँचे। उन लोगों ने लोक व परलोक दोनों में घाटा उठाया, यही तो खुल्लम खुल्ला घाटा है।

345-पापों तक पहुँच न होना भी चरित्र स्वच्छ रहने का एक साधन है।

No comments:

Post a Comment