Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 266 - 275

266-एक व्यक्ति ने आप (अ.स.) से सवाल किया कि ईमान की परिभाषा क्या है। आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि कल आना ताकि मैं इस का उत्तर लोगों के सामने दूँ कि अगर तुम भूल जाओ तो दूसरे याद रखें, क्यूँकि वाणि एक भड़के हुए शिकार की तरह होती है जो किसी के हाथ में आ जाती है और किसी से छूट जाती है।

267-ऐ आदम (अ.स.) के बेटे, उस रोज़ की चिन्ता का भार जो अभी आया ही नहीं है तू अपने आज के दिन पर न डाल जो आ चुका है क्यूँकि अगर तेरी आयु का एक दिन भी बाक़ी होगा तो अल्लाह तेरी रोज़ी तुझ तक पहुँचाए गा।

268-दोस्त के साथ दोस्ती एक हद तक करो क्यूँकि हो सकता है कि कल वो तुम्हारा दुश्मन बन जाए। और दुश्मन के साथ दुश्मनी एक हद तक करो क्यूँकि हो सकता है कि कल वो तुम्हारा दोस्त बन जाए।

269-दुनिया में काम करने वाले दो प्रकार के होते हैं। एक वो जो केवल दुनिया के लिए ही प्रयत्न करते हैं और ये लोक उन को परलोक की याद से रोके रहता है। इन लोगों को अपने बच्चों की निर्धनता का भय लगा रहता है किन्तु ये लोग स्वयं अपनी निर्धनता की कोई परवाह नहीं करते। ये लोग दूसरों के लाभ के लिए ही अपनी पूरी आयु व्यतीत कर देते हैं। किन्तु एक वो व्यक्ति भी है जो दुनिया में रह कर परलोक के लिए कर्म करता है तो उसे भाग दौड़ किए बिना दुनिया भी मिल जाती है और इस तरह वो दोनों हिस्सों को समेट लेता है और दोनों घरों का मालिक बन जाता है। वो अल्लाह के सामने प्रतिष्ठित होता है और उस की ऐसी कोई प्रार्थना नहीं होती जो अल्लाह स्वीकार न करता हो।

270-कहा जाता है कि हज़रत उमर के सामने ख़ानाए काबा के आभूषणों के बारे में बात हुई तो कुछ लोगों ने उन से कहा कि अगर आप उन आभूषणों को ले लें और उन को मुसलमानों की सेना पर व्यय करें तो इस से ज़्यादा पुण्य मिलेगा। ख़ानाए काबा को इन आभूषणों की क्या आवश्यकता है। हज़रत उमर ने इस बारे में हज़रत अली(अ.स.) से पूछा तो आप ने फ़रमायाः

जिस समय क़ुरान नबीए करीम (स.) पर उतरा तो उस समय चार प्रकार के माल थे। एक मुसलमानों का व्यक्तिगत माल था,  उसे आपने उन के वारिसों में बाँटने का आदेश दिया। दूसरा माल, माले ग़नीमत था, उसे उस के पात्र व्यक्तियों के बीच वितरित किया। तीसरा माल, माले ख़ुम्स था। अल्लाह ने इस माल के विशेष ख़र्च निर्धारित कर दिए हैं। चौथे ज़कात व सदक़ात थे, उन्हें अल्लाह ने वहाँ व्यय करने का आदेश दिया जहाँ उन का उपयोग है। ख़ानाए काबा के ये आभूष उस समय भी मौजूद थे लेकिन अल्लाह ने उन को उन के हाल पर ही रहने दिया और ऐसा भूले से तो नहीं हुआ और न उन का अस्तित्व गुप्त था। अतः आप भी उन्हें वहीं रहने दीजिए जहाँ अल्लाह और उस के रसूल (स.) ने उन को रखा है।

यह सुन कर हज़रत उमर ने कहा कि अगर आप (अ.स.) न होते तो हम रुसवा हो जाते और उन आभूषणों को उसी हालत पर रहने दिया।

271-कहा जाता है कि एक बार हज़रत अली (अ.स.) के सामने दो पुरुषों को लाया गया जिन्होंने सरकारी ख़ज़ाने (बैतुल माल) से चोरी की थी। उन में से एक तो बैतुल माल का ही ग़ुलाम था और दूसरा किसी और व्यक्ति का ग़ुलाम था। आप ने फ़रमायाः

यह ग़ुलाम जो बैतुल माल का है उस को दण्ड नहीं दिया जा सकता क्यूँकि अल्लाह का माल, अल्लाह के माल ने ही खाया है। लेकिन दूसरे व्यक्ती को दण्ड दिया जाए गा। अतः उस का हाथ काट दिया गया।

272-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः अगर मेरे पैर इन फिसलनों से बच कर जम गए तो मैं बहुत सी चीज़ों में परिवर्तन कर दूँगा। (अर्थात अगर मौजूदा परेशानियाँ दूर हो गईं तो दीन में शुरू की गईं बहुत सी नई बातों को समाप्त कर दूँगा।)

273-इस बात को पूरे विश्वास से जाने रहो कि अल्लाह सुबहानहु ने किसी बन्दे का रिज़्क उस से अधिक क़रार नहीं दिया है जितना तक़दीरे इलाही (भाग्य) में उस के लिए निर्धारित कर दिया गया है, चाहे उस व्यक्ति के उपाय कितने ही बलवान, उस की कोशिशें कितनी ही अधिक और उस की तरकीबें कितनी ही सशक्त क्यूँ न हों। और किसी बन्दे की कमज़ोरी और उस की कम कोशिश की वजह से उस के भाग्य में जो जीविका निर्धारित कर दी गई है उस तक पहुँचने में कोई रुकावट नहीं होती। इस वास्तविकता को समझने वाला और उस पर अमल करने वाला लाभ की राहतों में सबसे आगे होता है। और जो इस सच्चाई को छोड़ देता है और उस में शक करता है वो सब से अधिक हानि उठाने वाला है। बहुत से वो लोग जिन को नेमतें प्रदान की गई हैं इन नेमतों की वजह से आहिस्ता आहिस्ता प्रताणना के निकट किए जा रहे हैं और बहुत से लोगों पर दरिद्रता के परदे में अल्लाह की ओर से दया व कृपा की जा रही है। अतः ऐ सुनने वालो अल्लाह का धन्यवाद अधिक करो और जल्दबाज़ी कम करो और जो तुम्हारी रोज़ी की हद है उस पर ठहरे रहो।

274-अपने ज्ञान को अज्ञान और अपने विश्वास को शंका न बनाओ और जब जान लिया तो कर्म करो और जब विश्वास पैदा हो गया है तो आगे बढ़ो।

275-लोभ मृत्यु की ओर ले जाता है और कभी अपने चँगुल से नहीं छोड़ता है। लोभ एक ऐसा ज़ामिन है जो कभी अपना वादा पूरा नहीं करता। कभी कभी ऐसा होता है कि पानी पीने से पहले ही पीने वाले के गले में अटक जाता है। किसी पसंदीदा चीज़ का महत्व जितना अधिक होता है उस को खो देने का दुख उतना ही अधिक होता है। आकाँक्षाएं मन की आँखों को अन्धा कर देती हैं। जो चीज़ भाग्य में होती है वो बिना कोशिश किए मिल जाती है।

No comments:

Post a Comment