Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 66 - 75

66-मतलब का हाथ से निकल जाना इस बात से आसान है कि किसी नालायक़ के सामने हाथ फैलाया जाए।

67-थोड़ा देने से शर्माओ नहीं क्यूँकि खाली हाथ वापिस कर देना उस से भी गिरी हुई बात है।

68-पाकदामिनी ग़रीबी का ज़ेवर है और शुक्र दौलतमंदी की शोभा है।

69-अगर तुम्हारी मर्ज़ी के मुताबिक़ काम न बन सके तो फिर जिस हाल में हो उसमें मगन रहो।

70-जाहिल को न देखो गे मगर यह कि या तो वह हद से बढ़ा हुआ है या उस से बहुत पीछे।
71-जब अक़्ल बढ़ती है तो बातें कम हो जाती हैं।

72-ज़माना जिस्मों को पुराना व कमज़ोर और आकाक्षाओं को तरो ताज़ा कर देता है। मौत को क़रीब लाता है और आशाओं को दूर करता है। जो ज़माने से कुछ पा लेता है वह भी दुख सहता है और जो कुछ खो देता है वह तो दुख झेलता ही है।

73-जो ख़ुद को लोगों का पेशवा बनाता है उसे दूसरों को शिक्षा देने से पहले अपने आप को शिक्षा देनी चाहिए और इस से पहले कि वह ज़बान से दूसरों को सदव्यवहार की शिक्षा दे उस को अपना आचरण सुधारना चाहिए।

74-इंसान की हर सांस एक क़दम है जो उस को मौत की तरफ़ बढ़ाए लिए चला जा रहा है।

75-जो चीज़ गिनती में आ जाती है समाप्त हो जाती है और जिसे आना होता है वह आ कर रहता है।

No comments:

Post a Comment