346-तुम्हारी प्रतिष्ठा
सुरक्षित है मगर माँगने के लिए हाथ फैलाना उस प्रतिष्ठा को बहा देता है। अतः इस बात
को देख लो कि तुम किस के सामने अपना मान गँवा रहे हो।
347-किसी की उस के अधिकार
से अधिक सराहना करना चापलूसी है और उस की उस के अधिकार से कम सराहना करना कमज़ोरी या
ईर्ष्या है।
348-सब से भारी पाप वो
है जिस को करने वाला उसे हलका समझे।
349-जो व्यक्ति अपने पापों
की तरफ़ देखेगा वो दूसरों के पापों की तरफ़ निगाह नहीं करेगा। जो अल्लाह की दी हुई
रोज़ी से संतुष्ट रहेगा वो जो उस के हाथ से चला गया उस से दुखी नहीं होगा। जो अत्याचार
की तलवार खींचता है उस का ख़ून भी उसी तलवार से बहता है। जो अपने कार्य ज़बरदसती करना
चाहता है वो ख़ुद को बरबाद कर लेता है। जो
उठती हुई मौजों में फाँद पड़ता है वो डूब जाता है। जो बदनामी की जगहों पर जाएगा वो
बदनाम होगा। जो अधिक बोलेगा वो अधिक ग़लतियाँ करेगा। जो इंसान ज़्यादा ग़लतियाँ करता
है उस की शर्म कम हो जाए गी। और जिस की शर्म कम हो जाएगी उस के चरित्र की स्वच्छता
उस से भी कम हो जाएगी और जिस के चरित्र की स्वच्छता कम होगी उस का दिल मुर्दा हो जाएगा।
और जिस का दिल मुर्दा हो जाएगा वो नरक में जाएगा। और जो दूसरों के दोष देख कर नाक भौं
सुकेड़े और वो चीज़ ख़ुद के लिए सही समझे वो
मूर्ख है और उस की मूर्खता में कोई शक नहीं है। संतोष ऐसी पूँजी है जो कभी समाप्त नहीं
होती। जो मृत्यु को बहुत याद करता है वो थोड़ी सी दुनिया मिल जाने पर भी ख़ुश हो जाता
है। जो व्यक्ति समझता है कि उस की कथनी उस की करनी का हिस्सा है वो सार्थक बातों के
अलावा बात नहीं करता।
350-अत्याचारी की तीन
पहचानें हैं। वो अपने से बड़े पर उस की अवज्ञा करके अत्याचार करता है, वो अपने से छोटे पर उस को तंग करके और उस को तकलीफ़
पहुँचा कर अत्याचार करता है और वो अत्याचारियों से सहयोग और उन की सहायता करता है।
351-जब सख़ती अपनी अन्तिम
सीमा पर पहुँच जाती है तो हालात सुधर जाते हैं और जब आपदाओं की ज़ंजीरें तंग हो जाती
हैं तो सुख स्मृद्धि प्राप्त होती है।
352-आप (अ.स.) ने अपने
एक साथी से फ़रमायाःअपने बीवी बच्चों
की हद से ज़्यादा चिन्ता न करो, क्यूँकि अगर वो अल्लाह
के मित्र होंगे तो अल्लाह अपने मित्रों को बरबाद न होने देगा। और अगर वो अल्लाह के
शत्रु होंगे तो तुम्हें अल्लाह के शत्रुओं से क्या काम।
353-सबसे बड़ा दोष यह
है कि उस दोष को बुरा कहो जिस के समान ख़ुद तुम्हारे अन्दर मौजूद हो।
354-एक व्यक्ति ने आप
(अ.स.) के सामने दूसरे व्यक्ति को उस का पुत्र पैदा होने की ख़बर सुन कर इस तरह मुबारकबाद
दी कि, शहसवार मुबारक हो। जिस पर
आप (अ.स.) ने फ़रमाया, यह न कहो,
बल्कि यह कहो कि तुम प्रदान करने वाले ख़ुदा के
आभारी हुए, ये दी हुई नेमत तुम को मुबारक
हो, ये उन्नति की अन्तिम सीमा
तक पहुँचे और इस की नेकी और सौभाग्य तुम्हें भी नसीब हो।
355-आप (अ.स.) के अधिकारियों
में से किसी ने एक ऊँचा भवन निर्माण किया तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाःचाँदी के सिक्कों
ने सर निकाला है, बेशक यह भवन तुम्हारी
स्मृद्धि का द्योतक है।
No comments:
Post a Comment