Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 416 - 420

416-अपने सुपुत्र हज़रत हसन (अ.स.) से फ़रमायाः ऐ मेरे पुत्र दुनिया की कोई चीज़ अपने पीछे मत छोड़ो, इस लिए कि तुम दो में से किसी एक के लिए छोड़ोगे। या तो वो जो उस माल को अल्लाह की आज्ञा के पालन में उपयोग करे गा तो तुम जिस माल के बारे में बदक़िसमत रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत बन जाएगा। या वो इंसान जो तुम्हारे माल का दुर्पयोग अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए करेगा और इस तरह जो तुम ने उसे उपलब्ध कराया उस से वो बदक़िसमत हो गया और तुम ने उस की ग़लत हरकतों में उस की सहायता की और इन दोनों में से एक व्यक्ति भी इस बात को अधिकारी नहीं है कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता दो।

यही बात एक और तरह भी रिवायत की गई है।

जो माल तुम्हारे हाथ में है तुम से पहले उस के मालिक दूसरे लोग थे और वो माल तुम्हारे बाद दूसरे लोगों के हाथ में चला जाएगा। और तुम ऐसे माल जमा करने वाले हो जो अपने माल को दो में से किसी एक प्रकार के व्यक्ति के लिए छोड़ोगे। एक वो जो तुम्हारे जमा किए हुए माल को अल्लाह के आदेशों का पालन करने में उपयोग करेगा और इस तरह जिस माल के बारे में तुम अभागे रहे वो उस माल के द्वारा ख़ुशक़िसमत हो जाएगा। या वो व्यक्ति जो तुम्हारे माल का अल्लाह के आदेशों का उल्लंघन करने के लिए दुर्पयोग करेगा और इस तरह जो तुम ने उस व्यक्ति को उपलब्ध कराया वो उस के द्वारा अभागा होगया। इन दोनों में से कोई व्यक्ति भी इस बात का अधिकारी नहीं था कि तुम उस को अपने ऊपर प्राथमिकता देते और अपनी पीठ पर उस के लिए बोझ उठाओ। अतः जो चला गया उस के लिए अल्लाह की रहमत और जो बाक़ी रह गया है उस के लिए अल्लाह की ओर से रिज़्क (रोज़ी) के उम्मीदवार रहो।

417-किसी ने आप (अ.स.) के सामने असतग़फ़िरुल्लाह कहा तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः तुम्हारी माँ तुम्हारे शोक में बैठे। क्या तुम जानते हो कि असतग़फ़िरुल्लाह क्या है। असतग़फ़ार ऊँचे लोगों का स्थान है और इस के छः अर्थ हैं। पहला यह कि जो हो चुका उस पर लज्जित होना। दूसरा यह कि उस काम को छोड़ देने का दृढ़ निश्चय कर लेना। तीसरा यह कि लोगों के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरा करना यहाँ तक कि अल्लाह के सामने ऐसी हालत में पहुँचो कि तुम बिल्कुल पवित्र हों और तुम्हारा दामन पापों से पाक हो। चौथा यह कि हर व्यक्ति का हक़ जो तुम ने अदा नहीं किया उस को अदा करो। पांचवाँ यह कि तुम्हारे शरीर का वो गोश्त जो हराम के माल से बना हो उस को शोक के द्वारा पिघला दो यहाँ तक कि तुम्हारी खाल हड्डियों से लग जाए और उन दोनों के बीच दोबारा नया गोश्त पैदा हो। और छटा यह कि अपने शरीर को आज्ञा पालन के दुख से परिचित कराओ उसी तरह जिस तरह उस को पाप की मिठास को चखाया था और फिर कहो असतग़फ़िरुल्लाह।

418-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बुरदुबारी (शालीनता) एक क़बीले के समान है।

419-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बेचारा इंसान कितना बेबस है, उस की मृत्यु उस से छिपी हुई है। उस की बीमारियाँ उस के अन्दर भरी हुई हैं। उस के कर्म लिख लिए गए हैं। वो मच्छर के काटने से चीख़ पड़ता है। वो पानी गले में फँसने से मर जाता है और पसीना उस में बदबू पैदा करता है।

420-कहा जाता है कि एक बार हज़रत अली (अ.स.) कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे कि उन के सामने से एक सुन्दर स्त्री गुज़री और लोग उस की ओर देखने लगे। जिस पर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः इन पुरुषों की आँखें ताकने वाली हैं और यह ताँक झाँक उन की वासना को उत्तेजित करने का कारण बनती है। अतः अगर तुम में से किसी व्यक्ति की नज़र किसी ऐसी स्त्री पर पड़े जो तुम्हें अच्छी लगे तो उस को अपनी पत्नि की ओर देखना चाहिए क्यूँकि यह स्त्री भी उस स्त्री की तरह ही है।
 यह सुन कर एक ख़ारिजी ने कहा कि ख़ुदा इस काफ़िर को नष्ट करे यह कितना बड़ा फ़क़ीह (ज्ञानी) है। यह सुन कर लोग उस को जान से मारने के लिए उठे तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ठहरो, गाली का बदला ज़्यादा से ज़्यादा गाली हो सकता है और ग़लती को क्षमा करदेना उस से भी अच्छा है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 406 - 415

406-अल्लाह के यहाँ पुरस्कार पाने के लिए मालदारों द्वारा ग़रीबों का आदर सत्कार किया जाना कितना अच्छा है और इस से भी अच्छा अल्लाह पर भरोसा करते हुए ग़रीबों का मालदारों के साथ स्वाभिमान के साथ पेश आना है।

407-अल्लाह ने किसी व्यक्ति को बुद्धि प्रदान नहीं की है मगर यह कि वो उस के द्वारा उस को विनाश से बचाएगा।

408-जो सत्य से टकराएगा हार जाए गा।

409-इंसान जो देखता है वो उस के दिल में एकत्रित होता रहता है।

410-पवित्र चरित्र (तक़वा) समस्त अच्छे गुणों का सिरमौर है।

411-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस ने तुम को बोलना सिखाया है उस के ख़िलाफ़ अपनी ज़बान की तेज़ी मत दिखाओ और जिस ने तुम्हें सही रास्ते पर लगाया है उस के सामने बड़ी बड़ी बातें मत करो।

412-तुम्हारी आत्मा की शुद्घि के लिए यही काफ़ी है कि तुम जो चीज़ औरों के लिए पसन्द नहीं करते अपने लिए भी पसन्द मत करो।

413-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः (मुसीबत के समय) या तो स्वतन्त्र लोगों की तरह धैर्य रखो और या मूर्खों की तरह भूल भाल कर चुप रहो।

414-एक और रिवायत में आया है कि आप (अ.स.) ने अशअस इबने क़ैस से शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः या बुज़ुर्गों की तरह धैर्य रखो और या पशुओं की तरह इस शोक को भूल जाओ।

415-आप (अ.स.) ने दुनिया की विशेषताएं बताते हुए फ़रमायाःये धोकी देती है, हानि पहुँचाती है और छोड़ कर चली जाती है। अल्लाह ने इस को न अपने दोस्तों के लिए पुरस्कार के तौर पर पसन्द फ़रमाया और न अपने शत्रुओं के लिए दण्ड के तौर पर। दुनिया के लोग एक क़ाफ़िले की तरह हैं। जैसे ही वो अपना सामान खोलना चाहते हैं क़ाफ़िले का सरदार कूच का आदेश सुना देता है कि वो अपना सामान बाँधें और चल खड़े हों।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 396 - 405

396-मौत आ जाए किन्तु अपमान न हो। कम मिले किन्तु दूसरे के द्वारा न मिले। जिसे कोई चीज़ आसानी से नहीं मिलती वो चीज़ उसे कोशिश कर के भी नहीं मिलती। काल दो दिनों पर विभाजित है। एक दिन तुम्हारे पक्ष में है और एक दिन तुम्हारे विपक्ष में। जब काल तुम्हारे पक्ष में हो तो इतरओ मत और जब विपक्ष में हो तो धैर्य से काम लो।

397-सब से अच्छी सुगन्ध मुश्क है जिस का पात्र हलका और जिस की महक मस्तिष्क के लिए अच्छी है।

398-गर्व करना छोड़ दो, अहंकार को ख़त्म कर दो और क़ब्र को याद रखो।

399-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः पुत्र का पिता पर एक हक़ है और पिता का पुत्र पर एक हक़ है। पिता का पुत्र पर यह हक़ है कि पुत्र पाक परवरदिगार की अवज्ञा के अतिरिक्त हर चीज़ में उस के आदेश का पालन करे। पुत्र का हक़ पिता पर यह है कि उस का अच्छा नाम रखे और उस को क़ुरान की शिक्षा दे।

400-बुरी नज़र, टोना टोटका, जादू और अच्छा शगुन होता है, मगर अपशगुन कोई चीज़ नहीं है और एक की बीमारी दूसरे को लग जाना ग़लत है। ख़ुशबू लगाना और शहद खाना बीमारी में लाभदायक है। सवारी करना और हरियाली पर नज़र करना दुख, शोक, क्षोभ एवं व्याकुलता को दूर करता है।

401-लोगों में घुल मिल जाना उन से होने वाली हानि से सुरक्षित रखता है।

402-एक व्यक्ति ने आप (अ.स.) से अपनी हैसियत से बढ़कर कुछ कहा तो आप (अ.स.) ने उस से फ़रमायाः तुम पर निकलते ही उड़ने लगे और जवान होने से पहले ही बिलबिलाने लगे।

403-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जो व्यक्ति एक साथ बहुत सी चीज़ों के पीछे भागता है उस के समस्त उपाय विफल हो जाते हैं।

404-आप (अ.स.) से लाहौल व ला क़ुवता इल्ला बिल्लाह (शक्ति और सामर्थ्य नहीं है मगर अल्लाह के लिए) का अर्थ पूछा गया तो फ़रमायाः हम अल्लाह के साथ किसी चीज़ के मालिक नहीं हैं, उस ने जिन चीज़ों का हमें मालिक बनाया है बस उन्हीं पर अधिकार रखते हैं। जब उस ने हमें ऐसी चीज़ का मालिक बनाया जिस पर वो हम से अधिक अधिकार रखता है तो उस ने हम को कुछ ज़िम्मेदारियां सौंपीं और जब उस चीज़ को हम से वापिस ले लिया तो उस ने हम से वो ज़िम्मेदारियां भी वापिस ले लीं।

405-आप (अ.स.) ने जब अम्मारे यासिर को मुग़ीरा इबने शोबा से सवाल जवाब करते सुना तो फ़रमायाः ऐ अम्मार, इस को छोड़ दो। इस ने धर्म से केवल वो लिया है जो इसे दुनिया से निकट कर दे और इस ने जान बूझ कर ख़ुद को शंका में डाल रखा है ताकि शंकओं को अपनी ग़लतियों का बहाना क़रार दे।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 386 - 395

386-कोई व्यक्ति अगर किसी चीज़ को हासिल करने की कोशिश करता है तो उस को या उस के कुछ हिस्से को पा लेता है।

387-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः वो भलाई, भलाई नहीं जिस के बाद नरक की आग हो और वो बुराई, बुराई नहीं जिस के बाद स्वर्ग मिले। स्वर्ग के सामने हर नेमत छोटी है और नरक के सामने हर मुसीबत आराम है।

388-जान लो कि अगर खाने के लिए कुछ न हो तो यह एक मुसीबत है। इस से भी बड़ी मुसीबत शरीर की बीमारी है और शारीरिक बीमारियों मे सब से बड़ी बीमारी दिल की बीमारी है। और जान लो कि नेमतों में सब से बड़ी नेमत धन की अधिकता है और धन की अधिकता से भी अच्छा शरीर का निरोग होना है और शरीर के निरोग होने से अच्छा दिल का पाप से सुरक्षित होना है।

389-जिसे उस का कर्म पीछे हटा देता है उसे उस का कुल आगे नहीं बढ़ा सकता।
एक दूसरी रिवायत में इस तरह आया है।
जिस के अपने अन्दर कोई ख़ूबी न हो उसे उस के पूर्वजों की महानता से कोई लाभ नहीं होता।

390-मोमिन का समय तीन भागों में विभाजित होता है। एक भाग में तो वो अपने परवरदिगार से बातें करता है, एक भाग में वो अपनी जीविका की व्यवस्था करता है और एक भाग में वो हलाल और पवित्र स्वादों का स्वाद लेने के लिए अपने आप को स्वतंत्र छोड़ देता है। और बुद्धिमान को शोभा नहीं देता कि वो तीन चीज़ों के अलावा किसी और चीज़ के पीछे भागे। अपने रोज़गार का प्रबन्ध करना या परलोक की ओर क़दम बढ़ाने के लिए काम करना और या ऐसी चीज़ो से स्वाद लेना जो हराम न हों।

391-दुनिया से दिल न लगओ, अल्लाह तुम को दुनिया की ख़राबियाँ दिखा देगा और बेपरवा न रहो क्यूँकि तुम्हारी ओर से बेपरवा नहीं रहा जाए गा।

392-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः बात करो ताकि पहचाने जाओ क्यूँकि इंसान अपनी ज़ुबान के नीचे छिपा है।

393-दुनिया से तुम को जो हासिल हो ले लो और जो चीज़ तुम से मुँह मोड़ ले तुम भी उस से मुँह मोड़ लो। और अगर ऐसा नहीं कर सकते तो फिर दुनिया माँगने व हासिल करने में संतुलन स्थापित करो।

394-बहुत से वाक्य आक्रमण से अधिक प्रभाव रखते हैं।

395-जिस चीज़ पर संतोष कर लिया जाए वही काफ़ी है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 376 - 385

376-सत्य भारी होता है किन्तु भला लगता है। असत्य हलका होता है किन्तु संक्रमण पैदा करने वाला होता है।

377-इस उम्मत के सबसे अच्छे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह के दण्ड के बारे में बिल्कुल निश्चिन्त मत हो जाओ क्यूँकि पाक परवरदिगार फ़रमाता है कि घाटा उठाने वाले लोग ही अल्लाह के दण्ड से निश्चिन्त हो बैठते हैं। और इस उम्मत के सब से बुरे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह की रहमत की ओर से निराश न हो जाओ क्यूँकि अल्लाह की रहमत की ओर से काफ़िरों के अलावा कोई निराश नहीं होता।

378-कंजूसी तमाम बुराईयों का संग्रह है और एक ऐसी नकेल है जिस से हर बुराई की तरफ़ खिंच कर जाया जा सकता है।

379-रोज़ी दो तरह की होती है। एक रोज़ी वो होती है जिस को तुम ढूँढते हो और एक रोज़ी वो होती है जो तुम्हें ढूँढती है और अगर तुम उस तक नहीं पहुँचते हो तो वो तुम तक पहुँच कर रहेगी। अतः अपने एक दिन की चिन्ता पर साल भर की चिन्ताएँ मत लादो क्यूँकि जो रोज़ की रोज़ी है वो तुम्हारे लिए काफ़ी है। अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष है तो अल्लाह ने जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर रखी है वो हर नए दिन तुम को देगा। और अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष नहीं है तो फिर उस चीज़ कि चिन्ता क्यूँ करो जो तुम्हारे लिए नहीं है। और जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तो कोई भी माँगने वाला तुम्हारी रोज़ी की ओर तुम से आगे नहीं बढ़ सकता और जो चीज़ तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तुम्हें उस के मिलने में कभी देर न होगी।

380-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि बहुत से ऐसे लोग हैं जो सुबह को होते हैं और शाम आते आते नहीं रहते। कुछ लोग ऐसे होते हैं कि रात के पहले हिस्से में उन से ईर्ष्या की जाती है और रात के आख़िरी हिस्से में उन पर रोने वालियों का कोहराम बरपा होता है।

381-वाणी जब तक तुम ने उसे कहा नहीं तुम्हारी बन्धक है और जब तुम ने कह दिया तो तुम उस के बन्धक हो। अतः अपनी ज़बान की उसी तरह रक्षा करो जिस तरह अपने सोने चाँदी की करते हो क्यूँकि बहुत सी बातें ऐसी होती हैं जो किसी बड़ी नेमत को छीन लेती हैं और विपत्ति को बुलावा देती हैं।

382-जो नहीं जानते उसे न कहो बल्कि जो जानते हो वो भी सब का सब मत कहो क्यूँकि अल्लाह ने तुम्हारे अंगों पर कुछ कर्तव्य लागू किए हैं जिन के द्वारा क़यामत के दिन वो तुम्हारे ऊपर हुज्जत लाए गा।

383-इस बात से डरो कि अल्लाह तुम को अपनी अवज्ञा के समय देखे और अपनी आज्ञा के पालन के समय अनुपस्थित पाए और तुम को घाटा उठाने वालों में गिना जाए। अतः यदि ख़ुद को शक्तिशालि दिखाना हो तो अपनी शक्ति को पाक परवरदिगार के आज्ञा पालन में लगाओ और यदि कमज़ोर होना हो तो अल्लाह की अवहेलना करने में कमज़ोरी दिखाओ।

384-दुनिया की अस्थिरता को देखते हुए उस की ओर झुकना मूर्खता है और पुण्य प्राप्त होने का विश्वास होने के बावजूद नेक काम करने में कोताही का अर्थ घाटा उठाना है और परखे बिना हर एक पर भरोसा कर लेना कमज़ोरी की निशानी है।

385-अल्लाह के नज़दीक दुनिया की तुच्छता के लिए यही काफ़ी है कि अगर अल्लाह के आदेशों की अवहेलना होती है तो इसी दुनिया में और अगर अल्लाह की ओर से नेमतें प्राप्त होती हैं तो इसी दुनिया को छोड़ने पर।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 366 - 375

366-ज्ञान कर्म से संबधित है अतः जो जानता है वो कर्म भी करता है। और ज्ञान कर्म को पुकारता है अगर वो उत्तर देता है तो ठीक वर्ना वो भी उस से विदा हो जाता है।

367-ऐ लोगो, दुनिया की दौलत सूखा सड़ा भूसा है जो संक्रामक रोग पैदा करता है। अतः यहां अपना सामान आराम से खोल कर लेट जाने से बेहतर इस चरागाह से दूर रहना और इस से दिल न लगाना है। इस से केवल (अपनी न्यूनतम) आवश्यकताओं के बराबर लेना, धन दौलत इकट्ठा करने से ज़्यादा अच्छा है। जिस ने इस दुनिया से अधिक मात्रा में ले लिया उस के लिए दरिद्रता तय कर दी गई है। और जिस ने अपनी आवश्यकताएँ ख़त्म कर दीं और जिस को दुनिया की आवश्कता न रही उस को राहत मिली। जिस को इस दुनिया की सजधज अच्छी लगती है अन्त में यही चमक दमक उस को अन्धा कर देती है। और जो दुनिया पर फ़िदा हो जाता है दुनिया उस के अन्दर ऐसे शोक भर देती है जो उस के दिल की गहराइयों में उथल पुथल पैदा कर देते हैं इस तरह कि कभी कोई फ़िक्र उस को घेरे रहती है और कभी कोई अंदेशा उस को परेशान किए रहता है। वो इसी हालत में होता है कि उस का गला घोंटा जाने लगता है और वो जंगल बियाबान में डाल दिया जाता है इस आलम में कि उस के दिल की दोनों रगें टूट चुकी होती हैं और अल्लाह के लिए उस का फ़ना करना और उस के भाई बन्दों के लिए उसे क़ब्र में उतारना आसान हो जाता है।

मोमिन दुनिया को उपदेश लेने की दृष्टि से देखता है और उस से उतना ही भोजन ग्रहण करता है जितनी उस को ज़रूरत होती है और वो दुनिया की हर बात को नापसन्दी के तौर पर व दुश्मनी की निगाह से देखता है। अगर किसी के बारे में यह कहा जाता है कि वो मालदार हो गया है तो ये भी सुनने में आता है कि वो निर्धन होगया। अगर उस के होने पर खुशी छा जाती है तो उस के मरने पर शोक भी होता है। यह दुनिया की हालत है। हालाँकि अभी वो दिन नहीं आया है कि जब पूरी मायूसी छा जाएगी।

368-पाक परवरदिगार ने अपनी आज्ञा पालन में पुण्य और अपनी अवज्ञा में दण्ड इस लिए रखा है ताकि अपने बन्दों को नरक के दण्ड से दूर करे और उन को स्वर्ग की ओर ले जाए।

369-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि लोगों पर एक ऐसा दौर आएगा कि जब क़ुरान के केवल चिन्ह और इसलाम के नाम के अतिरिक्त कुछ बाक़ी नहीं बचेगा। उस दौर में मस्जिदें सज्जा की दृष्टि से आबाद और लोगों के मार्गदर्शन की दृष्टि से वीरान होंगी। उन के बनाने वाले और उन में ठहरने वाले ज़मीन के लोगों में सबसे बुरे होंगे। यह लोग उपद्रवों के स्रोत और पापों का केन्द्र होंगे। जो इन फ़ितनों से मुँह मोड़े गा, उन्हें उन्हीं फ़ितनों की तरफ़ पलटाएँगे और जो क़दम पीछे हटाएगा, उन्हें धकेल कर उन की तरफ़ ले जाएँगे। अल्लाहताला फ़रमाता है कि मुझे अपनी क़सम कि मैं उन लोगों पर ऐसा फ़ितना (उपद्रव) भेजूँगा कि जिस में सहनशील व गंभीर को आश्चर्यचकित छोड़ूँगा। अतः वह ऐसा ही करेगा। हम अल्लाह से लापरवाही की ठोकरों से क्षमा के इच्छुक हैं।

370-कहा जाता है कि ऐसा कम ही होता था कि आप (अ.स.) मिम्बर पर ख़ुतबा देने के लिए तशरीफ ले जाते हों और यह वाक्य न फ़रमाते हों।

ऐ लोगो, अल्लाह से डरो क्यूँकि कोई व्यक्ति बेकार पैदा नहीं किया गया कि वो खेल कूद में पड़ जाए और न उस को बेलगाम छोड़ दिया गया है कि बेहूदा बातें करने लगे और यह दुनिया जो उस के सामने खुद को सजा संवार कर पेश करती है उस परलोक का बदल नहीं हो सकती कि जिस को उस की निगाह में बुरी सूरत में पेश किया गया है। वो धोका खाया हुवा व्यक्ति जिस ने अपने उच्च साहस के बल बूते पर दुनिया हासिल करने में सफ़लता प्राप्त की उस व्यक्ति के समान नहीं हो सकता जिस ने परलोक के लिए थोड़ा बहुत जमा कर लिया हो।

371-कोई प्रतिष्ठा इसलाम से बड़ी नहीं है, कोई सम्मान तक़वा (मन व कर्म की पवित्रता) से बड़ा नहीं है, कोई दुर्ग संयम से अधिक दृढ़ नहीं है, कोई सिफ़ारिश करने वाला तौबा से बढ़ कर सफ़ल नहीं है, कोई कोष संतोष से ज़्यादा बेपरवा कर देने वाला नहीं है, जो व्यक्ति केवल अपनी ज़रूरत भर रोज़ी लेता है तो निर्धनता को दूर करने वाली इस से बढ़ कर कोई बात नहीं है, और जो व्यक्ति अपनी रोज़ की रोटी पर बस करता है वो सुख व स्मृद्धि पाता है और संतोष हासिल करता है। दुनिया की मुहब्बत पीड़ा की कुंजी और क्षोभ की सवारी है। लालच, अहंकार और ईर्ष्या पापों में बेधड़क फाँद पड़ने के प्रेरक हैं। दुश्चरित्र तमाम दोषों पर हावी होता है।

372-आप (अ.स.) ने जाबिर इबने अब्दुल्लाह अंसारी से फ़रमायाःचार प्रकार के लोगों से दीन व दुनिया की स्थापना है। विद्वान जो अपने ज्ञान को काम में लाता है। अज्ञानी जो ज्ञान हासिल करने में शर्म महसूस न करता हो। दानी जो दान करने में कंजूसी न करता हो। ग़रीब व्यक्ति जो लोक के बदले परलोक न बेचता हो। अतः अगर ज्ञानी अपने ज्ञान को बरबाद करेगा तो अज्ञानी उस के सीखने में शर्म करेगा और अगर मालदार व्यक्ति परोपकार व उपकार करने में कंजूसी करेगा तो ग़रीब व्यक्ति अपना परलोक लोक के बदले बेच डालेगा। 
ऐ जाबिर, जिस पर अल्लाह की नेमतें अधिक होंगीं लोगों की आवश्यकताएँ भी उसी के दामन से अधिक संबधित होंगीं। अतः जो व्यक्ति उन नेमतों के द्वारा अल्लाह के लिए काम करेगा अल्लाह उन नेमतों को स्थाई बना देगा और जो व्यक्ति इन कर्तव्यों को पूरा करने के लिए उठ खड़ा नहीं होगा वो उन्हें बरबादी के ख़तरे में डाल देगा।

373-इबने जरीरे तबरी ने अपने इतिहास में अबदुररहमान इबने अबी लैला फ़क़ीह से रिवायत की है। अबदुररहमान, इबने अशअस के साथ मिल कर हज्जाज से लड़ने के लिए निकले थे। वह लोगों को हज्जाज के खिलाफ़ युद्ध के लिए तैयार करने के लिए अपने भाषणों में कहा करते थे कि जब हम शाम देश के लोगों के विरुद्घ लड़ने के लिए बढ़े तो हज़रत अली (अ.स.) को कहते सुनाः
 ऐ मोमिनीन, अगर कोई व्यक्ति देखे कि अत्याचार किया जा रहा है और बुराई की ओर निमंत्रण दिया जा रहा है और उस ने उस को मन से बुरा समझा तो वो दण्ड से सुरक्षित हो गया और पाप करने से बच गया। और जिस व्यक्ति ने उस को ज़बान से बुरा कहा उसे इनाम मिला और वो उस से बेहतर है जो उस काम को केवल दिल से बुरा समझता है। और जो व्यक्ति तलवार हाथ में ले कर उस बुराई के विरुद्ध खड़ा हो जाए ताकि अल्लाह का बोल बाला हो और अत्याचारियों की बात गिर जाए तो यही वो व्यक्ति है जिस ने मार्गदर्शन को पा लिया और सीधे रास्ते पर चला और उस के दिल में विश्वास ने उजाला फैला दिया।

374-लोगों में से एक वो है जो बुराई को हाथ, ज़बान और दिल से बुरा समझता है। अतः उस ने अच्छी आदतों को पूरे तौर पर हासिल कर लिया। और वो व्यक्ति जो ज़बान और दिल से उस को बुरा समझता है किन्तु अपने हाथ से उस को नहीं मिटाता तो उस ने अच्छी आदतों में से दो से सम्पर्क रखा और एक आदत को नष्ट कर दिया। वो व्यक्ति जो बुराई को दिल से बुरा समझता है और उसे मिटाने के लिए हाथ और ज़बान किसी से काम नहीं लेता, उस ने तीन आदतों में से दो अच्छी आदतों को नष्ट कर दिया और केवल एक से सम्बंधित रहा। एक वो है जो ज़बान से न हाथ से और न दिल से बुराई की रोक थाम करता है वो जीवित लोगों में चलती फिरती हुई लाश है।
 तुम को मालूम होना चाहिए कि समस्त नेक काम और अल्लाह की राह में जिहाद, अम्र बिल मारूफ़ और नही अनिल मुनकर (अच्छे काम का आदेश देने और बुरे काम से रोकने) के मुक़ाबले में ऐसे हैं जैसे गहरे दरिया में थोड़ा से थूक। नेकी का आदेश देने और बुराई से रोकने से न मृत्यु समय से पहले आ जाती है और न इंसान की रोज़ी में कमी होती है। और इस सब से बेहतर बात वो है जो किसी अत्याचारी शासक के सामने कही जाए।

375-अबू हुजैफ़ा से रिवायत है कि उन्होंने अमीरुल मोमिनीन अली (अ.स.) को फ़रमाते हुए सुनाः पहली श्रेणी का युद्ध जिस से तुम पराजित हो जाओगे, हाथ का जिहाद है, फिर ज़बान का और फिर दिल का। जिस ने दिल से भलाई को अच्छा और बुराई को बुरा न समझा उस को उलट पलट कर दिया जाएगा इस तरह कि ऊपर का हिस्सा नीचे और नीचे का हिस्सा ऊपर कर दिया जाए गा।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 356 - 365

356-आप (अ.स.) से पूछा गया कि यदि किसी व्यक्ति को घर के अन्दर बन्द कर दिया जाए तो उस की रोज़ी कहाँ से आएगी। तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिधर से उस की मौत आएगी।

357-आप (अ.स.) ने कुछ लोगों से उन के किसी मरने वाले पर शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः यह काम न तुम से आरम्भ हुआ है और न तुम पर अन्त होगा। तुम्हारा यह दोस्त यात्रा में रहा करता था। अब भी उस को एक यात्रा में ही समझो। अगर वो तुम तक पहुँच गया तो बहुत ठीक वरना तुम स्वंय उस तक पहुँच जाओगे।

358-ऐ लोगो, चाहिए कि अल्लाह तुम को नेमत व आसाइश के मौक़े पर भी उसी तरह भयभीत देखे जिस तरह की तुम को दण्ड से भयभीत देखता है। बेशक जिसे स्मृद्धि नसीब हो और वो उसे दण्ड की ओर बढ़ने का कारण न समझे तो उसने अपने आप को एक ख़तरनाक चीज़ से सुरक्षित समझ लिया। और जो निर्धन हो जाए और इस निर्धनता को परीक्षा न समझे उस ने उस पुण्य को नष्ट कर दिया जिस के मिलने की आशा की जाती है।

359-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ लोभ में गिरफ़्तार लोगो, अपनी ये हरकतें बन्द कर दो, क्यूँकि दुनिया पर टूटने वालों को डरना चाहिए कि काल की घटनाएँ अपने दाँत पीस रही हैं। ऐ लोगो अपने सुधार का दायित्व ख़ुद अपने ऊपर ले लो और अपने अन्तःकरण को उन चीज़ों से लौटा लो जिन का वो आदी हो गया है।

360-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि अगर कोई व्यक्ति कोई बात कह रहा है और अगर उस में कोई अच्छाई का पहलू निकल सकता है तो उस में बुराई का पहलू मत निकालो।


 361-जब अल्लाह से कोई दुआ माँगो तो पहले हज़रत रसूल सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम पर दरूद भेजो उस के बाद दुआ माँगो। क्यूँकि पाक परवरदिगार इस से ऊँचा है कि उस से दो दुआएं माँगी जाएँ और वो एक को पूरा करदे और एक को रोक ले।

362-जिस को अपनी इज़्ज़त प्यारी है उसे चाहिए कि लड़ाई झगड़े से दूर रहे।

363-शक्ति प्राप्त हो जाने से पहले किसी काम में जल्दबाज़ी करना और मौक़ा आने पर चूक जाना दोनों मूर्खता है।

364-जो हुआ न हो उस के बारे में सवाल मत करो क्यूँकि जो हो चुका है वो ही तुम को व्यस्त रखने के लिए काफ़ी है।

365-चिंतन एक चमकदार दर्पण है और उपदेश एक चेतावनी देने वाला शुभ चिन्तक है और तुम्हारे अन्तःकरण के सुधार के लिए इतना ही काफ़ी है कि जो चीज़ दूसरों के लिए नापसन्द करते हो उस से दूर रहो।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 346 - 355

346-तुम्हारी प्रतिष्ठा सुरक्षित है मगर माँगने के लिए हाथ फैलाना उस प्रतिष्ठा को बहा देता है। अतः इस बात को देख लो कि तुम किस के सामने अपना मान गँवा रहे हो।

347-किसी की उस के अधिकार से अधिक सराहना करना चापलूसी है और उस की उस के अधिकार से कम सराहना करना कमज़ोरी या ईर्ष्या है।

348-सब से भारी पाप वो है जिस को करने वाला उसे हलका समझे।

349-जो व्यक्ति अपने पापों की तरफ़ देखेगा वो दूसरों के पापों की तरफ़ निगाह नहीं करेगा। जो अल्लाह की दी हुई रोज़ी से संतुष्ट रहेगा वो जो उस के हाथ से चला गया उस से दुखी नहीं होगा। जो अत्याचार की तलवार खींचता है उस का ख़ून भी उसी तलवार से बहता है। जो अपने कार्य ज़बरदसती करना चाहता है वो ख़ुद को  बरबाद कर लेता है। जो उठती हुई मौजों में फाँद पड़ता है वो डूब जाता है। जो बदनामी की जगहों पर जाएगा वो बदनाम होगा। जो अधिक बोलेगा वो अधिक ग़लतियाँ करेगा। जो इंसान ज़्यादा ग़लतियाँ करता है उस की शर्म कम हो जाए गी। और जिस की शर्म कम हो जाएगी उस के चरित्र की स्वच्छता उस से भी कम हो जाएगी और जिस के चरित्र की स्वच्छता कम होगी उस का दिल मुर्दा हो जाएगा। और जिस का दिल मुर्दा हो जाएगा वो नरक में जाएगा। और जो दूसरों के दोष देख कर नाक भौं सुकेड़े और वो चीज़ ख़ुद के लिए सही समझे  वो मूर्ख है और उस की मूर्खता में कोई शक नहीं है। संतोष ऐसी पूँजी है जो कभी समाप्त नहीं होती। जो मृत्यु को बहुत याद करता है वो थोड़ी सी दुनिया मिल जाने पर भी ख़ुश हो जाता है। जो व्यक्ति समझता है कि उस की कथनी उस की करनी का हिस्सा है वो सार्थक बातों के अलावा बात नहीं करता।

350-अत्याचारी की तीन पहचानें हैं। वो अपने से बड़े पर उस की अवज्ञा करके अत्याचार करता है, वो अपने से छोटे पर उस को तंग करके और उस को तकलीफ़ पहुँचा कर अत्याचार करता है और वो अत्याचारियों से सहयोग और उन की सहायता करता है।
351-जब सख़ती अपनी अन्तिम सीमा पर पहुँच जाती है तो हालात सुधर जाते हैं और जब आपदाओं की ज़ंजीरें तंग हो जाती हैं तो सुख स्मृद्धि प्राप्त होती है।

352-आप (अ.स.) ने अपने एक साथी से फ़रमायाःअपने बीवी बच्चों की हद से ज़्यादा चिन्ता न करो, क्यूँकि अगर वो अल्लाह के मित्र होंगे तो अल्लाह अपने मित्रों को बरबाद न होने देगा। और अगर वो अल्लाह के शत्रु होंगे तो तुम्हें अल्लाह के शत्रुओं से क्या काम।

353-सबसे बड़ा दोष यह है कि उस दोष को बुरा कहो जिस के समान ख़ुद तुम्हारे अन्दर मौजूद हो।

354-एक व्यक्ति ने आप (अ.स.) के सामने दूसरे व्यक्ति को उस का पुत्र पैदा होने की ख़बर सुन कर इस तरह मुबारकबाद दी कि, शहसवार मुबारक हो। जिस पर आप (अ.स.) ने फ़रमाया, यह न कहो, बल्कि यह कहो कि तुम प्रदान करने वाले ख़ुदा के आभारी हुए, ये दी हुई नेमत तुम को मुबारक हो, ये उन्नति की अन्तिम सीमा तक पहुँचे और इस की नेकी और सौभाग्य तुम्हें भी नसीब हो।

355-आप (अ.स.) के अधिकारियों में से किसी ने एक ऊँचा भवन निर्माण किया तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाःचाँदी के सिक्कों ने सर निकाला है, बेशक यह भवन तुम्हारी स्मृद्धि का द्योतक है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 336 - 345

336-जिस से माँगा जाए वो उस समय तक स्वतंत्र है जब तक कि वो वादा न कर ले।

337-बिना स्वंय कर्म किए दूसरों को अच्छे काम की ओर बुलाने वाला ऐसा है जैसे बिना कमान के तीर चलाने वाला।

338-ज्ञान दो तरह का है – एक वो जो आत्मा में रच बस जाए और एक वो जो केवल सुन लिया गया हो। और सुना हुआ ज्ञान लाभ नहीं देता जब तक कि वो मन में रच बस न जाए।

339-सही मशवरा और हुकूमत एक दूसरे के साथ होते हैं। अगर सही मशवरा होता है तो हुकूमत बाक़ी रहती है और अगर ये नहीं होता तो वो भी नहीं होती।

340-स्वच्छ चरित्र ग़रीबी का और शुक्र करना अमीरी का ज़ेवर है।

341-अत्याचारी के लिए न्याय का दिन उस दिन से अधिक कठिन होगा जब अत्याचारी ने अत्याचार किए थे।

342-सबसे बड़ी स्मृद्धि यह है कि जो दूसरों के हाथ में है उस की आस न रखी जाए।

343-जो कुछ कहा गया है वो सुरक्षित है। दिलों के भेद जाँचे जाने वाले हैं। हर व्यक्ति अपने कर्मों के हाथ गिरवी है। लोगों के शरीर कमज़ोर और उन की बुद्धियाँ भ्रष्ट हैं सिवाए उन के कि जिन को अल्लाह बचाए रखे, उन में से पूछने वाला उलझना चाहता है और जवाब देने वाला बिना ज्ञान के जवाब देता है। उन में जो सही राय रखते हैं उन को ख़ुशी व नाराज़गी पलटा देती है। उन में से जिस की बुद्घि परिपक्व होती है उस के दिल पर एक निगाह असर करती है और एक वाक्य उस के अन्दर क्रान्ति पैदा कर देता है।

344-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ लोगो, अल्लाह से डरते रहो क्यूँकि कितने लोग हैं जो आशाएँ रखते हैं और उन को प्राप्त नहीं कर पाते, कितने ही ऐसे लोग हैं जो घर बनाते हैं लेकिन उनको उन में रहना नसीब नहीं होता और बहुत से ऐसे माल जमा करने वाले हैं जो जल्दी ही अपना माल छोड़ कर चले जाते हैं, ऐसा माल जो ग़लत तरीक़े से जमा किया गया हो या किसी का हक़ दबा कर प्राप्त किया गया हो और उस माल को हराम के तौर पर पाया हो और उस माल की वजह से पाप का बोझ उठाया हो। तो वो लोग उस माल का वबाल ले कर पलटे और अपने परवरदिगार के सामने दुखी हालत में जा पहुँचे। उन लोगों ने लोक व परलोक दोनों में घाटा उठाया, यही तो खुल्लम खुल्ला घाटा है।

345-पापों तक पहुँच न होना भी चरित्र स्वच्छ रहने का एक साधन है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 326 - 335

326-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि वह आयु जिस के बाद अल्लाह क्षमा याचना स्वीकार नहीं करता साठ साल है।

327-जिस पर पाप ने क़ाबू पा लिया वो सफ़ल न हो सका और जिस पर बुराई ने अधिकार जमा लिया वो पराजित हो गया।

328-पाक परवरदिगार ने मालदारों के माल में ग़रीबों की रोज़ी क़रार दी है। अतः अगर कोई ग़रीब भूखा रहता है तो इस लिए कि मालदार ने माल समेट लिया है और पाक परवरदिगार इस पर उस मालदार से जवाब तलब करे गा।

329-सच्चे दिल से माफ़ी माँगने से अच्छा है कि माफ़ी माँगने की ज़रुरत ही न पड़े।

330-अल्लाह का तुम पर कम से कम हक़ यह है कि उस की दी हुई नेमतों का अल्लाह की अवज्ञा के रास्तों में उपयोग मत करो।

331-जब कमज़ोर व्यक्ति कर्म में कोताही करते हैं तो अल्लाह की तरफ़ से बुद्धिमानों के लिए कर्तव्य पालन का बेहतरीन अवसर है।

332-हाकिम लोग अल्लाह की ज़मीन पर उस के रक्षक हैं।

333-मोमिन का हर्ष उस के चेहरे पर और उस का दुख उस के दिल के अन्दर होता है। उस का दिल जितना बड़ा होता है वो अपने अन्तःकरण को उतना ही अपमानित करता है। वो अपने आप को दूसरों से ब़ड़ा दिखाने को बुरा समझता है और दूसरों को अपनी नेकियाँ सुनाने को दुश्मन समझता है। उस का दुख अथाह है और उस की हिम्मत बहुत बड़ी है। वो अधिकतर मौन रहता है, हर समय व्यस्त रहता है, वो सदैव कृतज्ञ रहता है और धैर्य उस की आदत होती है। वो हमेशा सोच विचार में खोया रहता है और अपनी आवश्यकताओं को किसी को नहीं बताता। वो विनम्र प्रवृत्ति का होता है और सुकून से चलता है। उस का अन्तःकरण पत्थर से अधिक कठोर और वो ग़ुलाम से अधिक सुशील होता है।

334-अगर कोई इंसान जीवन और उस के परिणाम को देखे तो उस की आशा और धोके से घृणा करने लगे।
335-हर व्यक्ति के माल में दो हिस्सेदार होते हैं – एक वारिस और दूसरे दुर्घटनाएँ।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 316 - 325

316-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः मैं ईमान वालों का इमाम हूँ और धन दुष्ट लोगों का मार्ग दर्शक है।

317-एक यहूदी ने आप (अ.स.) से कहा कि अभी तुम लोगों ने अपने नबी (स.) को दफ़न भी नहीं किया था कि आपस में मतभेद शुरु कर दिया। इस पर आप (अ.स.) ने फ़रमायाः हम ने उन (स.) के बारे में मतभेद नहीं किया बल्कि उन (स.) के उत्तराधिकार के बारे में मतभेद हुआ। मगर तुम तो वो हो कि अभी दरयाए नील से निकल कर तुम्हारे पैर सूखे भी नहीं थे कि अपने नबी (स.) से कहने लगे कि हमारे लिए एक ऐसा ख़ुदा बना दीजिए जैसा उन का है जिस पर हज़रत मूसा (अ.स.) ने फ़रमाया, बेशक तुम एक जाहिल क़ौम हो।

318-आप (अ.स.) से पूछा गया कि आप किस वजह से अपने शत्रुओं के मुक़ाबले में सफ़ल होते रहे हैं तो आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि मैं जिस व्यक्ति का भी मुक़ाबला करता था वो अपने विरुद्ध मेरी सहायता करता था।

सैय्यद रज़ी फ़रमाते हैं कि इस का मतलब यह है कि आप (अ.स.) की धाक दिलों पर छा जाती थी।

319-आप (अ.स.) ने अपने पुत्र हज़रत मौहम्मद बिन हनफ़िया से फ़रमायाः ऐ मेरे बेटे, मैं तुम्हारे लिए निर्धनता से डरता हूँ। अतः निर्धनता के बारे में अल्लाह की सहायता मांगो क्यूँकि निर्धनता धर्म में त्रुटि पैदा कर देती है और बुद्धि को भ्रष्ट कर देती है और शत्रु पैदा कर देती है।

320-किसी ने आप (अ.स.) से कुछ सवाल किया तो फ़रमायाः

समझने के लिए पूछो, उलझने के लिए मत पूछो। क्यूँकि वो अज्ञानी जो जानना चाहता है ज्ञानी के समान है, और वो ज्ञानी जो उलझना चाहता है अज्ञानी के समान है।


321-अब्दुल्ला इबने अब्बास ने किसी विषय में आप (अ.स.) को राय दी तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः तुम्हारा काम है कि मुझ को राय दो और अगर तुम्हारी राय न मानूँ तब भी मेरी आज्ञा का पालन करो।

322-आप (अ.स.) सिफ़्फ़ीन के युद्ध से पलटते हुए कूफ़े पहुँचे तो शबाम क़बीले की आबादी से होकर गुज़रे तो आपने सिफ़्फ़ीन के युद्ध में मारे जाने वालों पर रोने वाली महिलाओं की आवाज़ें सुनीं। इतने में हर्ब इबने शरजीले शबामी जो इस क़बीले के सरदार थे आप (अ.स.) के पास आए तो आप (अ.स.) ने उन से फ़रमायाः जैसा कि मैं सुन रहा हूँ तुम्हारी औरतें तुम पर हावी आ गई हैं, तुम इन को रोने से मना क्यूँ नहीं करते।
 हर्ब आप (अ.स.) के साथ पैदल चलने लगे जब कि आप (अ.स.) घोड़े पर सवार थे। आप (अ.स.) ने फ़रमायाःपलट जाओ तुम जैसे इंसान का मेरे साथ पैदल चलना हाकिम में बुराई पैदा करता है और मोमिन के अपमान का कारण बनता है।

323-नहरवान के युद्ध के दिन ख़ारजियों की लाशों की ओर से गुज़रते हुए फ़रमायाः
 तुम्हारा बुरा हो, जिस ने तुम को धोका दिया उस ने तुम को हानि पहुँचाई।
 आप (अ.स.) से पूछा गया कि या अमीरुल मोमिनीन (अ.स.) किस ने उन को उकसाया था। तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः
 पथभ्रष्ट करने वाले शैतान और बुराई के लिए उकसाने वाले मन ने उन को आशाओं के धोके में डाला और पापों का मार्ग उन के लिए खोल दिया, उस ने उन से विजय व सफ़लता के वादे किए और इस तरह उन को नरक में झोंक दिया।

324-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि एकान्त में अल्लाह की अवज्ञा करने से डरो क्यूँकि जो गवाह है वही मुसिंफ़ (न्यायधीश) है।

325-जब आप (अ.स.) को मौहम्मद बिन अबू बकर के शहीद होने की ख़बर मिली तो फ़रमायाः
हमें उन के मरने का उतना ही दुख है जितनी उन के दुश्मनों को इस की ख़ुशी है। बेशक उन का एक शत्रु कम हुआ और हम ने एक दोस्त खो दिया।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 306 - 315

306-जीवन की जो अवधि लिख दी गई है वो व्यक्ति की सुरक्षा के लिए काफ़ी है।

307-औलाद के मरने पर इंसान को नींद आ जाती है किन्तु माल के छिन जाने पर नहीं आती।

308-बापों के बीच दोस्ती, औलादों के बीच रिश्तेदारी का कारण बनती है। और दोस्ती को रिश्तेदारी की उतनी आवश्यकता नहीं है जितनी रिश्तेदारी को दोस्ती की।

309-इस बात से डरो कि ईमान वाले लोग तुम्हारे बारे में बुरा गुमान करें क्यूँकि अल्लाह ने हक़ को उन की ज़बान पर क़रार दिया है।

310-किसी बन्दे का ईमान उस समय तक सच्चा नहीं हो सकता जब तक वो अपने हाथ में मौजूद चीज़ से अधिक अल्लाह के हाथ में मौजूद चीज़ पर विश्वास न रखता हो।

311-जब अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.स.) बसरा पहुँचे तो आप (अ.स.) ने अनस बिन मालिक से कहा कि वो तलहा व ज़ुबैर के पास जाएँ और उन को हज़रत रसूल (स.) की हदीस याद दिलाएँ। उन्होंने उन दोनों को हज़रत अली (अ.स.) का वो पैग़ाम नहीं पहुँचाया और जब लौट कर आए तो कहा कि हज़रत रसूल (स.) की वो हदीस मुझ को याद नहीं। जिस पर हज़रत अली (अ.स.) ने फ़रमायाः अगर तुम मुझ से झूट बोल रहे हो तो अल्लाह तुम को ऐसे चमकदार दाग़ में मुबतला कर दे कि जिस को पगड़ी भी न छिपा सके।

(इस घटना के बाद अनस बिन मालिक के चेहरे पर सफ़ेद दाग़ हो गए थे और वो अपना चेहरा हमेशा नक़ाब से ढक कर रखते थे।)

312-दिल कभी एक ओर आकर्षित हो जाते हैं और कभी उचाट हो जाते हैं। अतः जब वो किसी ओर आकर्षित हो जाएँ तो उस समय उन को मुसतहब्बात (जिस के करने से सवाब हो और जिस के न करने से गुनाह न हो) को अंजाम देने के लिए प्रोत्साहित करो। और जब दिल उचाट हो तो केवल वाजिब की अदायगी पर ही बस करो।

313-क़ुरान में तुम से पहले होने वाली घटनाओं की ख़बरें और तुम्हारे बाद घटित होने वाली घटनाओं की सूचनाएं हैं और तुम्हारे बीच की परिस्थितियों के लिए आदेश हैं।

314-पत्थर जिधर से आए उधर ही पलटा दो क्यूँकि बुराई को बुराई के बिना नहीं रोका जा सकता।

315-अपने मुंशी उबैदुल्लाह इबने राफ़े से फ़रमायाःअपनी दवात के अन्दर मोटा कपड़ा डाला करो और क़लम की नोक लम्बी रखा करो, पंक्तियों के बीच दूरी ज़्यादा छोड़ा करो, अक्षरों को मिला कर लिखा करो। यह बात पत्र के आकर्षण के लिए मुनासिब है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 296 - 305

296-आप (अ.स.) ने एक व्यक्ति को देखा कि वो अपने शत्रु को एक ऐसी चीज़ से हानि पहुँचाना चाहता था जिस से स्वंय उस को भी हानि पहुँचती। आप (अ.स.) ने उस व्यक्ति से फ़रमायाः

तू उस व्यक्ति के समान है जो अपने पीछे वाले सवार को जान से मारने के लिए स्वंय अपने सीने में भाला मार ले।

297-उपदेश कितने अधिक हैं और उन से सीख लेने वाले कितने कम।

298-जो लड़ाई झगड़े में हद से गुज़र जाए वो पापी है, जो उस में कमी करे उस पर सितम किया जाता है और जो लड़ता झगड़ता रहता है उस के लिए अल्लाह से डरना कठिन हो जाता है।

299-एक ऐसा पाप जिस के बाद दो रकअत नमाज़ अदा करने और अल्लाह से शान्ति व कुशलता की दुआ करने की मोहलत मिल जाए मुझे परेशान नहीं करता।

300-अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.स.) से पूछा गया कि परवरदिगार अपने असंख्य बन्दों का हिसाब किताब कैसे करेगा तो आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस तरह इतनी अधिक संख्या के बावजूद उन को रोज़ी पहुँचाता है।
 आप (अ.स.) से फिर सवाल किया गया कि परवरदिगार किस तरह हिसाब लेगा जब कि लोग उस को देखेंगे भी नहीं।
 आप (अ.स.) ने फ़रमायाः जिस तरह उन को रोज़ी देता है और वो उस को देखते नहीं हैं।


301-तुम्हारा दूत तुम्हारी बुद्धि का परिचायक है और जो चीज़ तुम्हारी ओर से तुम्हारी बात दूसरों तक भलि भाँति पहुँचाती है वो तुम्हारा पत्र है।

302-हर वो व्यक्ति जो परेशानियों में घिरा हो दुआ का मोहताज है। किन्तु जो व्यक्ति परेशानियों में न घिरा हुआ हो वो भी दुआ का उतना ही मोहताज है क्यूँकि परेशानियाँ उस को घेरने की प्रतीक्षा में हैं।

303-लोग दुनिया की औलाद हैं और किसी व्यक्ति की अपनी माँ से प्रेम करने पर भर्त्सना नहीं की जा सकती।

304-लाचार व्यक्ति अल्लाह की ओर से भेजा हुआ दूत है। जिस ने उस को मना किया उस ने अल्लाह को मना किया और जिस ने उस को कुछ दिया उस ने अल्लाह को दिया।

305-जो लोग ग़ैरतदार होते हैं वो कभी परस्त्री के साथ शारीरिक संबन्ध स्थापित नहीं करते।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 286 - 295

286-लोग किसी चीज़ पर वाह वाह नहीं करते मगर यह कि ज़माना उन के लिए एक बुरा दिन छिपाए हुए है।

287-आप(अ.स.) से क़ज़ा व क़द्र (अल्लाह की मर्ज़ी और इंसान के बस) के बारे में पूछा गया तो आप ने फ़रमायाः
 यह एक अंधेरा रास्ता है इस की तरफ़ क़दम न बढ़ाओ। यह एक गहरा समुद्र है इस में न उतरो। यह अल्लाह का एक रहस्य है इस को जानने की कोशिश न करो।

288-जब अल्लाह किसी बन्दे को अपमानित करना चाहता है तो उस को ज्ञान से वंचित कर देता है।

289-अतीत में मेरा एक भाई था। हम दोनों अल्लाह के रास्ते में एक दूसरे के भाई थे। दुनिया उस की नज़रों में तुच्छ थी। उस का पेट उस पर हाकिम नहीं था। उस को जो चीज़ नहीं मिलती थी वो उस की आशा नहीं करता था। जो चीज़ उस को मिल जाती थी उस को अधिक उपयोग नहीं करता था। वो दिन में अधिकतर ख़ामोश रहता था किन्तु जब बोलता था तो बोलने वालों को ख़ामोश कर देता था और पूछने वालों की प्यास बुझा दिया करता था।

यूँ तो वो कमज़ोर था लेकिन जब जिहाद का अवसर आ जाता था तो जंगल का शेर और रेगिस्तान का साँप बन जाता था। वो जो दलील पेश करता था निर्णायक होती थी। और अगर किसी से शिकायत होती तो जब तक उस की बात सुन न ले उसे कुछ कहता नहीं था। अगर उस को कोई तकलीफ़ होती तो उस की शिकायत नहीं करता था जब तक कि वो ठीक न हो जाए। वो जो करता था वही कहता था और जो नहीं करता था उसे नहीं कहता था। लोग अगर उस से लड़ते तो वो ख़ामोश हो जाया करता था और लोग बोलने में उस पर हावी आ भी जाते थे तो ख़ामोश रहने में उस पर हावी नहीं आया जा सकता था। वो बोलने से अधिक सुनना पसंद करता था। और जब उस के सामने दो काम आते तो वो देखता कि कौन सा काम उस के मन को पसंद है ताकि उस के ख़िलाफ़ करे।

तुम्हें चाहिए कि तुम भी ऐसी ही आदतें अपनाओ और ऐसी आदतों को प्राप्त करने की होड़ में एक दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करो। किन्तु अगर तुम इन सब आदतों को नहीं अपना सकते तो जान लो कि इस में से कुछ को ही अपना लेना इस बात से अच्छा है कि तुम सब को ही छोड़ दो।

290-अगर अल्लाह ने पापों का दण्ड दिए जाने के बारे में न डराया होता तब भी उस ने जो नेमतें दी हैं उन के धन्यवाद का तक़ाज़ा यह है कि पाप न किया जाए।

291-अशअस इबने क़ैस को उस के पुत्र की मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए फ़रमायाः

ऐ क़ैस, अगर तुम अपने पुत्र की मृत्यु पर दुखी हो तो उस से जो तुम्हारा रिश्ता है उस की वजह से यह दुख सही है। किन्तु अगर तुम धैर्य रखो तो अल्लाह के पास हर मुसीबत के बदले एक पुरस्कार है। ऐ अशअस, अगर तुम ने धैर्य रखा तो अल्लाह का आदेश जारी होगा इस हाल में कि तुम पुण्य व पुरस्कार के अधिकारी होगे। किन्तु अगर तुम चीख़े चिल्लाए तो अल्लाह का आदेश तब भी जारी होगा मगर इस हाल में कि तुम पर पाप का बोझ होगा। तुम्हारा पुत्र तुम्हारे लिए हर्ष का कारण था जब कि वास्तविकता यह है कि वो तुम्हारे लिए कष्ट और परीक्षा था और तुम्हारे लिए शोक का कारण हुआ है जब कि वो मर कर तुम्हारे लिए पुरस्कार का कारण बना है।

292-हज़रत रसूले ख़ुदा सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम की क़ब्र पर उन को दफ़्न करते समय फ़रमायाः

धैर्य (सब्र) अच्छी चीज़ है सिवाए आप (स.) के शोक के, और व्याकुलता बुरी चीज़ है सिवाए आप (स.) के निधन पर और बेशक आप (स.) की मृत्यु का शोक महान है।

293-मूर्ख की संगत से दूर रहो क्यूँकि वो तुम्हारे सामने अपने कर्मों को सजा कर पेश करे गा और चाहेगा कि तुम भी उसी जैसे हो जाओ।

294-आप (अ.स.) से पूछा गया कि पूरब और पश्चिम में कितनी दूरी है तो आप ने फ़रमायाः
 सूर्य के एक दिन के रास्ते के बराबर।

295-तुम्हारे मित्र तीन प्रकार के हैं और तुम्हारे शत्रु भी तीन तरह के हैं। तुम्हारा मित्र, तुम्हारे मित्र का मित्र और तुम्हारे शत्रु का शत्रु। और तुम्हारे शत्रु यह हैं। तुम्हारा शत्रु, तुम्हारे मित्र की शत्रु और तुम्हारे शत्रु का मित्र।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 276 - 285

276-ऐ अल्लाह, मैं तेरी शरण चाहता हूँ इस बात से कि मेरा बाहरी रूप लोगों की नज़र में अच्छा हो किन्तु जो कुछ मेरे दिल में छिपा हो वो तेरी दृष्टि में बुरा हो और मैं लोगों के सामने अच्छा बनने के लिए अपने दिल के अन्दर छिपी उन बातों को छिपाऊँ जिन को तू अच्छी तरह जानता है। इस तरह लोगों के सामने तो अच्छा बना रहूँ लेकिन तेरे सामने अपना कुफ्ऱ पेश करता रहूँ जिस के नतीजे में मैं तेरे बन्दों के तो क़रीब हो जाऊँ मगर तेरी प्रसन्नता से दूर होता चला जाऊँ।

277-एक अवसर पर आप (अ.स.) ने सौगन्ध खा कर कहा, उस की सौगन्ध जिस की कृपा से हम ने अंधेरी रात का बाक़ी हिस्सा भी काट दिया, जिस के बाद उजाला दिन निकले गा, और ऐसा वैसा नहीं हुआ।

278-वो थोड़ा कर्म जो पाबन्दी के साथ किया जाए उस अधिक कर्म से बहुत लाभकारी है जिस से दिल उकता जाए।

279-अगर मुसतहब काम (अर्थात ऐसा काम जिस के करने से सवाब तो मिलता हो मगर न करने से गुनाह न हो) वाजिब काम के रास्ते में रुकावट हो तो उस को छोड़ दो।

280-जो यात्रा की दूरी को ध्यान में रखता है ख़ुद को उस के लिए तैयार रखता है।

281-आँखों का देखना वास्तव में देखना नहीं है क्यूँकि कभी कभी आँखें चीज़ों को वैसा दिखा देती हैं जैसी वो होती नहीं हैं। किन्तु बुद्घि उस व्यक्ति को, जो उस से उपदेश चाहे, कभी धोका नहीं देती।

282-तुम्हारे और उपदेश के बीच लापरवाहियों को पर्दा पड़ा हुआ है।

283-तुम्हारे जाहिल ज़्यादा दौलत पा जाते हैं और तुम्हारे विद्वान भविष्य की आशाओं में ग्रस्त रखे जाते हैं।

284-ज्ञान ने बहाने करने वालों के बहानों को ख़त्म कर दिया है।

285-जिसे जल्दी मौत आ जाती है वो मोहलत का इच्छुक होता है और जिसे मोहलत दी जाती है वो (अपने कर्तव्य निभाने में) टाल मटोल करता है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 266 - 275

266-एक व्यक्ति ने आप (अ.स.) से सवाल किया कि ईमान की परिभाषा क्या है। आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि कल आना ताकि मैं इस का उत्तर लोगों के सामने दूँ कि अगर तुम भूल जाओ तो दूसरे याद रखें, क्यूँकि वाणि एक भड़के हुए शिकार की तरह होती है जो किसी के हाथ में आ जाती है और किसी से छूट जाती है।

267-ऐ आदम (अ.स.) के बेटे, उस रोज़ की चिन्ता का भार जो अभी आया ही नहीं है तू अपने आज के दिन पर न डाल जो आ चुका है क्यूँकि अगर तेरी आयु का एक दिन भी बाक़ी होगा तो अल्लाह तेरी रोज़ी तुझ तक पहुँचाए गा।

268-दोस्त के साथ दोस्ती एक हद तक करो क्यूँकि हो सकता है कि कल वो तुम्हारा दुश्मन बन जाए। और दुश्मन के साथ दुश्मनी एक हद तक करो क्यूँकि हो सकता है कि कल वो तुम्हारा दोस्त बन जाए।

269-दुनिया में काम करने वाले दो प्रकार के होते हैं। एक वो जो केवल दुनिया के लिए ही प्रयत्न करते हैं और ये लोक उन को परलोक की याद से रोके रहता है। इन लोगों को अपने बच्चों की निर्धनता का भय लगा रहता है किन्तु ये लोग स्वयं अपनी निर्धनता की कोई परवाह नहीं करते। ये लोग दूसरों के लाभ के लिए ही अपनी पूरी आयु व्यतीत कर देते हैं। किन्तु एक वो व्यक्ति भी है जो दुनिया में रह कर परलोक के लिए कर्म करता है तो उसे भाग दौड़ किए बिना दुनिया भी मिल जाती है और इस तरह वो दोनों हिस्सों को समेट लेता है और दोनों घरों का मालिक बन जाता है। वो अल्लाह के सामने प्रतिष्ठित होता है और उस की ऐसी कोई प्रार्थना नहीं होती जो अल्लाह स्वीकार न करता हो।

270-कहा जाता है कि हज़रत उमर के सामने ख़ानाए काबा के आभूषणों के बारे में बात हुई तो कुछ लोगों ने उन से कहा कि अगर आप उन आभूषणों को ले लें और उन को मुसलमानों की सेना पर व्यय करें तो इस से ज़्यादा पुण्य मिलेगा। ख़ानाए काबा को इन आभूषणों की क्या आवश्यकता है। हज़रत उमर ने इस बारे में हज़रत अली(अ.स.) से पूछा तो आप ने फ़रमायाः

जिस समय क़ुरान नबीए करीम (स.) पर उतरा तो उस समय चार प्रकार के माल थे। एक मुसलमानों का व्यक्तिगत माल था,  उसे आपने उन के वारिसों में बाँटने का आदेश दिया। दूसरा माल, माले ग़नीमत था, उसे उस के पात्र व्यक्तियों के बीच वितरित किया। तीसरा माल, माले ख़ुम्स था। अल्लाह ने इस माल के विशेष ख़र्च निर्धारित कर दिए हैं। चौथे ज़कात व सदक़ात थे, उन्हें अल्लाह ने वहाँ व्यय करने का आदेश दिया जहाँ उन का उपयोग है। ख़ानाए काबा के ये आभूष उस समय भी मौजूद थे लेकिन अल्लाह ने उन को उन के हाल पर ही रहने दिया और ऐसा भूले से तो नहीं हुआ और न उन का अस्तित्व गुप्त था। अतः आप भी उन्हें वहीं रहने दीजिए जहाँ अल्लाह और उस के रसूल (स.) ने उन को रखा है।

यह सुन कर हज़रत उमर ने कहा कि अगर आप (अ.स.) न होते तो हम रुसवा हो जाते और उन आभूषणों को उसी हालत पर रहने दिया।

271-कहा जाता है कि एक बार हज़रत अली (अ.स.) के सामने दो पुरुषों को लाया गया जिन्होंने सरकारी ख़ज़ाने (बैतुल माल) से चोरी की थी। उन में से एक तो बैतुल माल का ही ग़ुलाम था और दूसरा किसी और व्यक्ति का ग़ुलाम था। आप ने फ़रमायाः

यह ग़ुलाम जो बैतुल माल का है उस को दण्ड नहीं दिया जा सकता क्यूँकि अल्लाह का माल, अल्लाह के माल ने ही खाया है। लेकिन दूसरे व्यक्ती को दण्ड दिया जाए गा। अतः उस का हाथ काट दिया गया।

272-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः अगर मेरे पैर इन फिसलनों से बच कर जम गए तो मैं बहुत सी चीज़ों में परिवर्तन कर दूँगा। (अर्थात अगर मौजूदा परेशानियाँ दूर हो गईं तो दीन में शुरू की गईं बहुत सी नई बातों को समाप्त कर दूँगा।)

273-इस बात को पूरे विश्वास से जाने रहो कि अल्लाह सुबहानहु ने किसी बन्दे का रिज़्क उस से अधिक क़रार नहीं दिया है जितना तक़दीरे इलाही (भाग्य) में उस के लिए निर्धारित कर दिया गया है, चाहे उस व्यक्ति के उपाय कितने ही बलवान, उस की कोशिशें कितनी ही अधिक और उस की तरकीबें कितनी ही सशक्त क्यूँ न हों। और किसी बन्दे की कमज़ोरी और उस की कम कोशिश की वजह से उस के भाग्य में जो जीविका निर्धारित कर दी गई है उस तक पहुँचने में कोई रुकावट नहीं होती। इस वास्तविकता को समझने वाला और उस पर अमल करने वाला लाभ की राहतों में सबसे आगे होता है। और जो इस सच्चाई को छोड़ देता है और उस में शक करता है वो सब से अधिक हानि उठाने वाला है। बहुत से वो लोग जिन को नेमतें प्रदान की गई हैं इन नेमतों की वजह से आहिस्ता आहिस्ता प्रताणना के निकट किए जा रहे हैं और बहुत से लोगों पर दरिद्रता के परदे में अल्लाह की ओर से दया व कृपा की जा रही है। अतः ऐ सुनने वालो अल्लाह का धन्यवाद अधिक करो और जल्दबाज़ी कम करो और जो तुम्हारी रोज़ी की हद है उस पर ठहरे रहो।

274-अपने ज्ञान को अज्ञान और अपने विश्वास को शंका न बनाओ और जब जान लिया तो कर्म करो और जब विश्वास पैदा हो गया है तो आगे बढ़ो।

275-लोभ मृत्यु की ओर ले जाता है और कभी अपने चँगुल से नहीं छोड़ता है। लोभ एक ऐसा ज़ामिन है जो कभी अपना वादा पूरा नहीं करता। कभी कभी ऐसा होता है कि पानी पीने से पहले ही पीने वाले के गले में अटक जाता है। किसी पसंदीदा चीज़ का महत्व जितना अधिक होता है उस को खो देने का दुख उतना ही अधिक होता है। आकाँक्षाएं मन की आँखों को अन्धा कर देती हैं। जो चीज़ भाग्य में होती है वो बिना कोशिश किए मिल जाती है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 256 - 265

256-शारीरिक स्वास्थ्य ईर्ष्या की कमी से प्राप्त होता है।

257-ऐ कुमैल, अपने घर वालों से कहो कि दिन के समय अच्छी आदतें हासिल करने के लिए निकलें और रात के समय सो जाने वालों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए चल खड़े हों। उस की क़सम जिस की सुनने की शक्ति तमाम आवाज़ों से बड़ी है कोई व्यक्ति किसी का दिल ख़ुश नहीं करता मगर यह कि अल्लाह उस के लिए उस ख़ुशी से एक नेमत पैदा करता है और जब उस व्यक्ति पर कोई विपत्ति आती है तो वो नेमत उस की ओर (उस विपत्ति को दूर करने के लिए) उसी तेज़ी से बढ़ती है जिस तेज़ी से ढाल पर पानी बहता है और (वो नेमत उस विपत्ति को उस व्यक्ति से) उसी तरह दूर भगा देती है जैसे अजनबी उँटों को हंका दिया जाता है।

258-जब निर्धन हो जाओ तो दान के द्वारा अल्लाह के साथ व्यापार करो।

259-ग़द्दारों के साथ वफ़ादारी करना अल्लाह के नज़दीक ग़द्दारी है और ग़द्दारों के साथ ग़द्दारी करना अल्लाह के नज़दीक वफ़ादारी है।

260-कितने ही लोग ऐसे हैं जिन्हें नेमतें दे कर आहिस्ता आहिस्ता दण्ड का पात्र बनाया जाता है। कितने ही लोग ऐसे हैं जो अल्लाह की पर्दापोशी से धोका खाए हुए हैं और वो अपने बारे में अच्छे शब्द सुन कर भ्रम में पड़ गए हैं। और अल्लाह की ओर से मोहलत दिए जाने से बड़ी कोई परीक्षा नहीं है।

[[अमीरुल मोमिनीन हज़रत अली (अ.स.) के वो कठिन वचन हैं जिन की व्याख्या ज़रूरी है।]]
--1- जब वो समय आएगा तो दीन का यअसूब अपनी जगह स्थापित हो जाएगा और लोग सिमट कर उस की ओर बढ़ें गे जिस प्रकार ख़रीफ़ के मौसम के बादल जमा हो जाते हैं। (यअसूब मधुमक्खियों के राजा को कहते हैं और यअसूबुद्दीन का अर्थ बारहवें इमाम हज़रत मेहदी अ.स. हैं।)

--2-वह कुशल वक्ता है।
 हज़रत अली (अ.स.) ने यह बात अपने एक विशेष साथी सअसआ बिन सोहान के बारे में फ़रमाई जिन को मुग़ीरा बिन शोअबा ने मुआविया के आदेश पर देश निकाला दे दिया था और जिन का इसी हालत में 60 हिजरी में देहान्त हुवा था।

--3-दुश्मनी का नतीजा क़ुहम होता है।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि क़ुहम से मुराद विनाश है और इसी शब्द से “क़हमतुल आराब” की कहावत बनी है। और यह वह हालत होती है कि जब अरब के बनबासी अकाल से इस प्रकार ग्रसित हो जाते हैं कि उन के पशु केवल हड्डियों का ढाँचा हो कर रह जाते हैं। और इस का एक अर्थ और है कि जब अरब के लोग वन जीवन की कठिनाइयों व अकाल के कारण शहरों की ओर कूच करने पर मजबूर हो जाएँ। इस को क़हमत कहा जाता है।

--4-जब लड़कियाँ नस्सुल हक़ाइक़ को पहुँच जाएं तो दधियाली रिश्तेदार अधिक अधिकार रखते हैं।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि नस्सुल हक़ाइक़ की जगह नस्सुल हक़ाक़ भी मिलता है। नस्स चीज़ों की पराकाष्ठा और उन की चरम सीमा को कहते हैं। पशु की वह सबसे अधिक रफ़तार जिस से वह दौड़ सकता है नस्स कहलाती है। हज़रत अली (अ.स.) ने नस्सुल हक़ाक़ से व्यस्कता की सीमा तक पहुँचना मुराद लिया है जो बचपन की आख़िरी हद और वह ज़माना होता है कि कमसिन कमसिनी की सीमा से निकल कर बड़ों की पंक्ति में प्रवेश करता है। हज़रत अली (अ.स.) यह कहना चाहते हैं कि जब लड़कियाँ उस सीमा तक पहुँच जाएं तो दधियाली रिश्तेदार जब कि वह महरम (अर्थात जिन से विवाह न हो सके) भी हों जैसे भाई और चाचा, और वो उन का रिश्ता कहीं करना चाहें तो वो उन की माँ से अधिक रिश्ते के चयन का अधिकार रखते हैं।

--5-ईमान एक लुमज़ा की सूरत में दिल में प्रकट होता है और जैसे जैसे ईमान बढ़ता जाता है वो लुमज़ा भी बढ़ता जाता है।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि लुमज़ा श्वेत बिन्दु या उस के समान सफ़ेद चिन्ह को कहते हैं और उसी से फ़रसुलमज़ उस घोड़े को कहा जाता है जिस के नीचे के होंटों पर कुछ सफ़ेदी हो।

--6-जो व्यक्ति दैनुज़ ज़ुनून वसूल करे तो जितने साल उस पर गुज़रे होंगे उन की ज़कात देना ज़रूरी है।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि दैनुज़ ज़ुनून वह क़र्ज़ा होता है कि ऋण देने वाला यह फ़ैसला न कर सके की वो उसे वसूल होगा या उसे कभी उम्मीद पैदा हो और कभी नाउम्मीदी।

--7-जब आप (अ.स.) ने लड़ने के लिए सेना भेजी तो उस समय फ़रमायाः

जहाँ तक हो सके स्त्रियों से दूर रहो।

सैय्यद रज़ी फ़रमाते हैं कि इस का अर्थ है कि स्त्रियों की याद में खो न जाओ और उन से दिल लगाने और शारीरिक सम्पर्क स्थापित करने से परहेज़ करो।

--8-वो उस यासिरे फ़ालिज की तरह है जो जुए के तीरों का पासा फेंक कर पहले ही दाँव में कामयाबी की उम्मीदवार होता है।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि यासिरून वह लोग हैं कि जो नहर की हुई (काटी गई) ऊँटनी पर जुए के तीरों का पासा फेंकते हैं और फ़ालिज का अर्थ जीतने वाला है।

--9-जब युद्ध में शिद्दत आ जाती थी तो हम रसूलल्लाह सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम की शरण में जाते थे और हम में से कोई भी उन से ज़्यादा दुश्मन से क़रीब नहीं होता था।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि इस का मतलब यह है कि जब दुश्मन का ख़तरा बढ़ जाता था और जंग सख़ती से काटने लगती थी तो मुसलमान यह सहारा ढूँढने लगते थे कि रसूलल्लाह सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही व सल्लम ख़ुद जंग करें तो अल्लाह तआला आप(स) की वजह से उन की मदद फ़रमाए और आप (स) की मौजूदगी के कारण ख़तरे से सुरक्षित रहें।
 -----------------------------------



261-जब अमीरूल मोमिनीन हज़रत अली (अ.स.) को यह ख़बर मिली कि मुआविया के साथियों ने शहर अमबार पर धावा बोल दिया है तो आप (अ.स.) अकेले पैदल चल खड़े हुए, यहाँ तक कि नुख़ैला तक पहुँच गए। इतने में लोग भी आप (अ.स.) तक पहुँच गए और कहने लगे कि या अमीरुल मोमिनीन हम दुश्मन से निपट लें गे आप (अ.स.) के तशरीफ़ ले जाने की ज़रूरत नहीं है। इस पर आप (अ.स.) ने फ़रमाया तुम अपने से तो मेरा बचाव कर नहीं सकते, दूसरों से क्या बचाव करोगे। मुझ से पहले प्रजा अपने हाकिमों की शिकायत किया करती थी मगर मैं आज अपनी प्रजा की ज़ियादतियों की शिकायत करता हूँ जैसे मैं प्रजा हूँ और वो हाकिम और जैसे मैं आधीन हूँ और वो अधिकारी।

सैय्यद रज़ी कहते हैं कि हज़रत अली(अ.स.) ने इस मौक़े पर एक लम्बा भाषण दिया जिस का चुना हुआ हिस्सा हम ने आप के ख़ुतबों के अध्याय में शामिल किया है। फिर आप ने यह बातें फ़रमाईं जिस को सुन कर आप के साथियों में से दो व्यक्ति उठ खड़े हो गए और उन में से एक ने कहा कि या अमीरुल मोमिनीन (अ.स.) मुझे अपने और अपने भाई के अलावा किसी और पर क़ाबू नहीं है तो आप (अ.स.) हमें आदेश दें ताकि हम उस आदेश को पूरा करें। जिस पर हज़रत (अ.स.) ने फ़रमाया की मैं जो चाहता हूँ वो तुम दो आदमियों से कहाँ हो सकता है।

262-बयान किया जाता है कि हारिस इबने हूत हज़रत अली (अ.स.) की सेवा में हाज़िर हुआ और कहा कि क्या आप के ख़याल में मुझ को यह गुमान भी हो सकता है कि असहाबे जमल गुमराह थे?

इस पर आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि ऐ हारिस तुम ने नीचे की तरफ़ देखा और ऊपर की तरफ़ निगाह नहीं डाली। तुम सत्य को नहीं जानते ताकि सत्य वालों को पहचानो और असत्य को नहीं पहचानते ताकि असत्य की राह पर चलने वालों को जानो। इस पर हारिस ने कहा कि वो सअद इबने मालिक और अबदुल्ला इबने उमर के साथ भूमिगत हो जाएगा।

इस पर हज़रत अली(अ.स.) ने फ़रमाया कि सअद इबने मालिक और अबदुल्ला इबने उमर ने न सत्य का साथ दिया और न असत्य को बेनक़ाब किया।

263-बादशाह का दरबारी शेर पर सवारी करने वाले की तरह होता है, लोग उस के पद से ईर्ष्या करते हैं लेकिन वो स्वयं जानता है कि उस की क्या हालत है।

264-दूसरों के यतीमों के साथ भलाई करो ताकि तुम्हारे यतीमों के साथ मेहरबानी की जाए।

265-यदि बुद्घिमान व्यक्तियों की बात सही होती है तो वो बन जाती है और अगर ग़लत हो तो बीमारी बन जाती है।

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 246 - 255

246-नेमतों के नष्ट होने से डरते रहो क्यूँकि हर भाग जाने वाला पलटता नहीं है।

247-मेहरबानी रिश्तेदारी से भी अधिक निकटता का कारण होती है।

248-जो तुम्हारे बारे में अच्छा विचार रखे तो तुम उस अच्छे विचार को सच्चा साबित करो।

249-उत्तम कर्म वो है जिस को करने के लिए तुम्हें अपने मन को मारना पड़े।

250-मैं ने पाक परवरदिगार को पहचाना इरादों के टूट जाने से और बन्द रास्तों के खुल जाने से।

251-इस लोक की कड़वाहट परलोक की मिठास है और इस लोक की मिठास परलोक की कड़वाहट है।

252-अल्लाह ने ईमान को वाजिब क़रार दिया इंसान को शिर्क की गन्दगी से पाक करने के लिए, नमाज़ को अनिवार्य किया अहंकार से बचाने के लिए, ज़कात को रोज़ी बढ़ने का कारण बनाया, रोज़े का मक़सद अल्लाह के बन्दों की निःस्वार्थता (इख़लास) की परीक्षा है, हज दीन को सशक्त करने के लिए है, जिहाद इसलाम की सरबुलन्दी के लिए है, नेक काम का आदेश देना लोगों के सुधार के लिए है, बुराई से रोकने का उद्देश्य बेवक़ूफ़ों की रोक थाम है, रिश्तेदारों के साथ अच्छा व्यवहार करने का उद्देश्य मित्रों और सहयोगियों की गिनती बढ़ाना है। क़िसास (बदला) इस लिए रखा गया है ताकि ख़ून न बहे, धामिर्क सीमाओं की स्थापना इस लिए की गयी है ता कि जिन कामों से रोका गया है उन को अच्छी तरह बताया जा सके।

मदिरापान करने से इस लिए रोका गया है ताकि बुद्धि की रक्षा की जा सके, चोरी से दूरी पवित्रता की रक्षा के लिए है, गुदा मैथुन का त्याग वंश बढ़ाने के लिए है। परस्त्री गमन से मना करने का उद्देश्य नसब की रक्षा है। गवाही अधिकारों के नकारने के मुक़ाबले में प्रमाण उपलब्ध कराने के लिए है। झूठ से दूरी सत्य की प्रतिष्ठा स्थापित करने के लिए है। सलाम करना भय से सुरक्षा के लिए है। इमामत उम्मत की व्यवस्था करने के लिए है और आज्ञाकारिता इमामत की प्रतिष्ठा स्थापित करने के लिए है।

253-अगर किसी अत्याचारी से क़सम लेना हो तो उस से इस तरह हलफ़ उठवाओ कि वो अल्लाह की शक्ति व सामर्थ्य से मुक्त है। क्यूँकि जब वो इस तरह झूटी क़सम खाएगा तो जल्दी सज़ा पाएगा। और जब इस तरह क़सम खाए कि क़सम अल्लाह की कि जिस के सिवा कोई माबूद नहीं है तो उस की जल्दी पकड़ न होगी क्यूँकि उस ने अल्लाह को उस की वहदत व यकताई के साथ याद किया।

254-आप (अ.स.) ने फ़रमायाः ऐ आदम (अ.स.) के बेटे, अपने माल का व्यवस्थापक तू ख़ुद बन और उस के साथ वो कर जो तू चाहता है कि तेरे बाद किया जाए।

255-क्रोध एक प्रकार की दीवानगी है क्यूँकि क्रोध करने वाला बाद में लज्जित अवश्य होता है और अगर वो लज्जित नहीं होता तो इस का अर्थ है कि उस की दीवानगी पक्की हो चुकी है।