Monday, 16 February 2015

हज़रत अली (अलैहिस्सलाम) के कथन 376 - 385

376-सत्य भारी होता है किन्तु भला लगता है। असत्य हलका होता है किन्तु संक्रमण पैदा करने वाला होता है।

377-इस उम्मत के सबसे अच्छे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह के दण्ड के बारे में बिल्कुल निश्चिन्त मत हो जाओ क्यूँकि पाक परवरदिगार फ़रमाता है कि घाटा उठाने वाले लोग ही अल्लाह के दण्ड से निश्चिन्त हो बैठते हैं। और इस उम्मत के सब से बुरे व्यक्ति के बारे में भी अल्लाह की रहमत की ओर से निराश न हो जाओ क्यूँकि अल्लाह की रहमत की ओर से काफ़िरों के अलावा कोई निराश नहीं होता।

378-कंजूसी तमाम बुराईयों का संग्रह है और एक ऐसी नकेल है जिस से हर बुराई की तरफ़ खिंच कर जाया जा सकता है।

379-रोज़ी दो तरह की होती है। एक रोज़ी वो होती है जिस को तुम ढूँढते हो और एक रोज़ी वो होती है जो तुम्हें ढूँढती है और अगर तुम उस तक नहीं पहुँचते हो तो वो तुम तक पहुँच कर रहेगी। अतः अपने एक दिन की चिन्ता पर साल भर की चिन्ताएँ मत लादो क्यूँकि जो रोज़ की रोज़ी है वो तुम्हारे लिए काफ़ी है। अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष है तो अल्लाह ने जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर रखी है वो हर नए दिन तुम को देगा। और अगर तुम्हारी आयु का कोई साल शेष नहीं है तो फिर उस चीज़ कि चिन्ता क्यूँ करो जो तुम्हारे लिए नहीं है। और जो रोज़ी तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तो कोई भी माँगने वाला तुम्हारी रोज़ी की ओर तुम से आगे नहीं बढ़ सकता और जो चीज़ तुम्हारे लिए निश्चित कर दी गई है तुम्हें उस के मिलने में कभी देर न होगी।

380-आप (अ.स.) ने फ़रमाया कि बहुत से ऐसे लोग हैं जो सुबह को होते हैं और शाम आते आते नहीं रहते। कुछ लोग ऐसे होते हैं कि रात के पहले हिस्से में उन से ईर्ष्या की जाती है और रात के आख़िरी हिस्से में उन पर रोने वालियों का कोहराम बरपा होता है।

381-वाणी जब तक तुम ने उसे कहा नहीं तुम्हारी बन्धक है और जब तुम ने कह दिया तो तुम उस के बन्धक हो। अतः अपनी ज़बान की उसी तरह रक्षा करो जिस तरह अपने सोने चाँदी की करते हो क्यूँकि बहुत सी बातें ऐसी होती हैं जो किसी बड़ी नेमत को छीन लेती हैं और विपत्ति को बुलावा देती हैं।

382-जो नहीं जानते उसे न कहो बल्कि जो जानते हो वो भी सब का सब मत कहो क्यूँकि अल्लाह ने तुम्हारे अंगों पर कुछ कर्तव्य लागू किए हैं जिन के द्वारा क़यामत के दिन वो तुम्हारे ऊपर हुज्जत लाए गा।

383-इस बात से डरो कि अल्लाह तुम को अपनी अवज्ञा के समय देखे और अपनी आज्ञा के पालन के समय अनुपस्थित पाए और तुम को घाटा उठाने वालों में गिना जाए। अतः यदि ख़ुद को शक्तिशालि दिखाना हो तो अपनी शक्ति को पाक परवरदिगार के आज्ञा पालन में लगाओ और यदि कमज़ोर होना हो तो अल्लाह की अवहेलना करने में कमज़ोरी दिखाओ।

384-दुनिया की अस्थिरता को देखते हुए उस की ओर झुकना मूर्खता है और पुण्य प्राप्त होने का विश्वास होने के बावजूद नेक काम करने में कोताही का अर्थ घाटा उठाना है और परखे बिना हर एक पर भरोसा कर लेना कमज़ोरी की निशानी है।

385-अल्लाह के नज़दीक दुनिया की तुच्छता के लिए यही काफ़ी है कि अगर अल्लाह के आदेशों की अवहेलना होती है तो इसी दुनिया में और अगर अल्लाह की ओर से नेमतें प्राप्त होती हैं तो इसी दुनिया को छोड़ने पर।

No comments:

Post a Comment